एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, हरिद्वार बाईपास और डोईवाला में 03 व्यावसायिक निर्माण सील, अभियान रहेगा जारी

Jul 26, 2026 - 09:30
 122  6.2k
एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, हरिद्वार बाईपास और डोईवाला में 03 व्यावसायिक निर्माण सील, अभियान रहेगा जारी

देहरादून : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के विरुद्ध अपना अभियान और तेज करते हुए शनिवार को हरिद्वार बाईपास एवं डोईवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। बिना स्वीकृत मानचित्र और प्राधिकरण की अनुमति के बनाए जा रहे तीन व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर के सुनियोजित विकास में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और भविष्य में भी ऐसे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले हरिद्वार बाईपास स्थित मुस्कान होटल वाली गली में नईम अहमद पुत्र आशिक अली द्वारा कराए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया। इसके बाद इसी गली में आशिफ द्वारा निर्मित किए जा रहे व्यावसायिक भवन पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, डोईवाला क्षेत्र के कान्हरवाला-भानियावाला तिराहा पर नेत्रपाल सैनी पुत्र स्वर्गीय हुकम सिंह सैनी द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को भी सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल मौजूद रहा और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

बिना अनुमति निर्माण करने वालों को चेतावनी, नियमों के पालन की अपील

प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी बिना स्वीकृति निर्माण की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। एमडीडीए के अनुसार अवैध निर्माण न केवल मास्टर प्लान की व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि यातायात, जल निकासी, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर भी अतिरिक्त दबाव बढ़ाते हैं। प्राधिकरण ने दोहराया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के आवासीय अथवा व्यावसायिक निर्माण करने वालों के विरुद्ध सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले एमडीडीए से आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें।

IAS बंशीधर तिवारी बोले- नियोजित विकास से कोई समझौता नहीं

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसका विकास केवल नियोजित एवं नियमबद्ध तरीके से ही संभव है। प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा अनुमति के किए जा रहे निर्माण किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर की सुव्यवस्थित विकास व्यवस्था को बनाए रखना है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं भवन स्वामियों से निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करने वालों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सीलिंग और अन्य वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जा रहा है। बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माणों पर नियमानुसार सीलिंग सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले एमडीडीए से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0