कोटद्वार की बेटी प्रेरणा बिष्ट बनीं सेना में लेफ्टिनेंट

Sep 8, 2026 - 18:30
 106  4.9k
कोटद्वार की बेटी प्रेरणा बिष्ट बनीं सेना में लेफ्टिनेंट

गया में आयोजित पासिंग आउट परेड में प्राप्त किया कमीशन, माता-पिता और क्षेत्रवासियों में खुशी
कोटद्वार। कोटद्वार के शिवराजपुर निवासी और मूल रूप से सतपुली के मलेठी गांव की रहने वाली प्रेरणा बिष्ट ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गया में आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्हें लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से प्रेरणा के परिवार, स्वजन, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुआंग रहे। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों को देश की रक्षा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।
प्रेरणा बिष्ट ने वर्ष 2025 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य लेकर तैयारी की और अपनी मेहनत व प्रतिभा के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। प्रेरणा के पिता रिलायंस रिटेल लिमिटेड में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां संतोषी बिष्ट योग शिक्षिका हैं। बेटी के सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर माता-पिता और परिजनों ने गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की।
युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रेरणा की सफलता : सौरभ गोदियाल
हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक सौरभ गोदियाल ने कहा कि प्रेरणा बिष्ट की यह उपलब्धि पूरे कोटद्वार और पौड़ी गढ़वाल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर युवा बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। प्रेरणा ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने माता-पिता और गुरुजनों का मान बढ़ाया है, बल्कि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। उन्होंने प्रेरणा और उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि राष्ट्रसेवा का यह दायित्व गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0