मशहूर शूटर,भारतीय शूटिंग टीम के कोच जसपाल राणा का आकस्मिक निधन, उत्तराखंड में शोक की लहर

Jun 12, 2026 - 18:30
 137  6.2k
मशहूर शूटर,भारतीय शूटिंग टीम के कोच जसपाल राणा का आकस्मिक निधन, उत्तराखंड में शोक की लहर

रैबार डेस्क: मशहूर अंतरराष्ट्रीय शूटर और भारतीय शूटिंग टीम के कोच जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया है। उत्तराखंड के मूल निवासी जसपाल राणा ने आज सुबह मैक्स अस्पताल दिल्ली में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम पुष्कर धामी ने शोक जताया है।

जसपाल राणा अपने समय के जाने माने शूटर थे। जसपाल राणा का जन्म 28 जून 1976 को उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हुआ था। उन्होंने 1994 के हिरोशिमा एशियाई खेलों में 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूम मचा दी थी। महज 18 साल की उम्र में एशियाई खेलों में देश का परचम लहराने वाले जसपाल को भारतीय शूटिंग टीम का ‘मशाल वाहक’ माना जाता था।

एशियाई खेलों के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने भारत के लिए कई स्वर्ण और अन्य पदक जीते। 1995 में चेन्नई और 1999 में काठमांडू में आयोजित SAIF खेलों में उन्होंने 8-8 स्वर्ण पदक जीतकर रिकॉर्ड बनाया। 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में उनकी महारत को आज भी मिसाल के तौर पर देखा जाता है।

उन्हें वर्ष 1994 में अर्जुन पुरस्कार, 1997 में पद्मश्री और 2020 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से नवाजा गया। द्रोणाचार्य पुरस्कार उन्हें एक सफल कोच के रूप में भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिला। खिलाड़ी के रूप में सफलता के बाद जसपाल राणा ने कोचिंग में कदम रखा और जूनियर राष्ट्रीय टीम के कोच बने। उनके मार्गदर्शन में सौरभ चौधरी और अनीस भनवाला जैसे युवा निशानेबाज तैयार हुए। वे ओलंपिक में डबल मेडल विजेता मनु भाकर की कोच भी रहे। मनु भाकर ने 2024 के पेरिस ओलंपिक में दो ऐतिहासिक कांस्य पदक जीते, जिसमें जसपाल राणा की अहम भूमिका रही। राष्ट्रीय राइफल संघ NRAI ने उन्हें 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के लिए हाई-परफॉर्मेंस कोच नियुक्त किया था।

जसपाल राणा के निधन से खेल जगत में शोक की लहर छा गई है। बताया जा रहा है कि जसपाल राणा म्यूनिख से भारत वापस लौट रहे थे. वापसी के दौरान ही उन्हें असहज महसूस हो रहा था। दरअसल जसपाल राणा आईएसएफ वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने गई भारतीय शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में वहां गए थे। शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम के साथ जसपाल राणा भी म्यूनिख से नई दिल्ली वापस लौट रहे थे। मैक्स हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने जसपाल राणा का उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और आज शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया।

The post मशहूर शूटर,भारतीय शूटिंग टीम के कोच जसपाल राणा का आकस्मिक निधन, उत्तराखंड में शोक की लहर appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0