आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने देहरादून में वित्तीय साक्षरता शिविर का किया दौरा, ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर
देहरादून जिले के भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के लिए आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर श्री संजय मल्होत्रा ने दौरा किया। यह शिविर क्रिसिल फाउंडेशन के सहसपुर स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल) द्वारा आयोजित किया गया था।
वित्तीय साक्षरता और आर्थिक सशक्तिकरण पर दिया जोर
शिविर के दौरान आरबीआई गवर्नर ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर विशेष जोर देते हुए नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की बात कही। उन्होंने लोगों को वित्तीय जागरूकता, दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने भारत सरकार की विभिन्न पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया।

वंचित क्षेत्रों तक वित्तीय शिक्षा पहुंचाने का आह्वान
श्री संजय मल्होत्रा ने सीएफएल के अधिकारियों से अपील की कि वे विशेष रूप से दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक वित्तीय शिक्षा पहुंचाने के प्रयास और तेज करें, ताकि वित्तीय समावेशन को मजबूत किया जा सके। उन्होंने प्रतिभागियों से भी आग्रह किया कि वे शिविर में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों के साथ साझा करें।
स्वयं सहायता समूहों से किया संवाद, सेवाओं की समीक्षा
गवर्नर ने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से सीधे संवाद भी किया और उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। शिविर में बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट्स द्वारा बुनियादी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही सिक्के और नोट बदलने के लिए विशेष काउंटर भी लगाए गए थे। एक मोबाइल एटीएम वैन भी शिविर स्थल पर मौजूद रही, जिससे लोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सका।

स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी की सराहना
शिविर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे आरबीआई गवर्नर ने देखा और उनकी पहल की सराहना की। उन्होंने इस प्रयास को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक श्री अरविंद कुमार सहित भारतीय रिजर्व बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी तथा ब्लॉक विकास अधिकारी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0