कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले छात्र बने हिमांशु देवांगन, डिप्टी CM विजय शर्मा ने फोन कर दी बधाई; 50 एमबीबीएस सीटों से शुरू हुआ पहला सत्र

Sep 4, 2026 - 18:30
 154  2.1k
कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले छात्र बने हिमांशु देवांगन, डिप्टी CM विजय शर्मा ने फोन कर दी बधाई; 50 एमबीबीएस सीटों से शुरू हुआ पहला सत्र

रायपुर: कवर्धा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले जिले के पहले छात्र सहसपुर लोहारा निवासी हिमांशु देवांगन के लिए यह उपलब्धि खास बन गई है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने महानदी भवन, नवा रायपुर से हिमांशु को फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। संयोग की बात है कि इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुए कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में प्रवेश पाने वाला छात्र भी कवर्धा जिले का ही रहने वाला है।

नीट में 512 अंक हासिल कर मेडिकल कॉलेज में लिया प्रवेश

बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हिमांशु से उसकी स्कूली शिक्षा, नीट परीक्षा की तैयारी और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए हुई काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। हिमांशु ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं में 83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वहीं, नीट परीक्षा में उसे 512 अंक मिले। नीट की तैयारी के लिए हिमांशु ने भिलाई में कोचिंग भी ली थी।

हिमांशु ने बातचीत के दौरान चिकित्सा शिक्षा में अपनी रुचि और आगे की पढ़ाई को लेकर अपनी योजनाओं के बारे में भी उप मुख्यमंत्री को बताया।

विजय शर्मा ने कहा- मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ें

उप मुख्यमंत्री ने हिमांशु का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हासिल करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने छात्र से पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत और उपलब्धियों के जरिए माता-पिता एवं परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ जिले का नाम भी रोशन करें। विजय शर्मा ने हिमांशु को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर के रूप में शिक्षा पूरी करने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में काम कर अनुभव हासिल करें।

समाज और जरूरतमंदों की सेवा पर भी दिया जोर

उप मुख्यमंत्री ने हिमांशु से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के साथ अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी बनाए रखें। उन्होंने अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करने का प्रयास करने की बात कही, ताकि उसकी सफलता का लाभ समाज और स्थानीय लोगों तक भी पहुंच सके।

50 एमबीबीएस सीटों के साथ इसी सत्र से शुरू हुआ कॉलेज

उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हो रहा है। कॉलेज की शुरुआत से कवर्धा जिले और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का नया अवसर उपलब्ध हुआ है।

अब जिले के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें अपने ही जिले में मेडिकल शिक्षा हासिल करने की सुविधा मिलेगी। कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में प्रवेश लेने वाला छात्र भी सहसपुर लोहारा का निवासी है। ऐसे में जिले में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत और पहले ही सत्र में स्थानीय छात्र के प्रवेश को कवर्धा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0