प्रदेश के 45 गन्ना उत्पादक जिलों में 41818 गन्ना गांव में सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन के लिए 4294 टीमें गठित

Jul 23, 2026 - 00:31
 138  1.4k
प्रदेश के 45 गन्ना उत्पादक जिलों में 41818 गन्ना गांव में सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन के लिए 4294 टीमें गठित

Meerut News: पेराई सत्र 2026-27 हेतु ग्रामवार गन्ना सर्वेक्षण एवं सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम का 20 जुलाई से प्रदेश के 45 गन्ना उत्पादक जिलों में प्रारम्भ किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के समस्त गन्ना कृषकों को उनके गन्ना सर्वे, गन्ना सट्टा, बैंक खाते, मोबाईल नम्बर, गन्ना क्षेत्रफल एवं अन्य अभिलेखों के सत्यापन एवं संशोधन की सुविधा प्रदान की जायेगी तथा इसमें किसानों के नाम दर्ज कृषि योग्य भूमि का राजस्व रिकार्ड के अभिलेखों से मिलान किया जायेगा।
ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम
गन्ना विकास विभाग द्वारा बताया गया कि प्रदेश के कुल 41,818 गन्ना ग्रामों में ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके सफल संचालन हेतु कुल 4,294 सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन टीमों का गठन किया गया है। इस कार्यक्रम दिनांक 20 जुलाई, 2026 से 30 अगस्त, 2026 तक संचालित होगा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक गन्ना कृषक को उनके गन्ना अभिलेखों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उनकी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
सट्टा से संबंधित कुल 63 बिंदुओं की विस्तृत जानकारी
ग्राम स्तरीय सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान किसानों को उनके गन्ना सर्वे एवं सट्टा से संबंधित कुल 63 बिंदुओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें कृषक का नाम, सदस्यता विवरण, गन्ना क्षेत्रफल, प्रजातिवार विवरण, बैंक खाता, आधार से संबंधित जानकारी, सर्वेक्षण विवरण, सट्टा निर्धारण एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख शामिल हैं। किसानों को अपने अभिलेखों का सत्यापन करने तथा किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
30 सितंबर तक सदस्यता प्राप्त करने हेतु आवेदन कर सकेंगे
प्रदेश के गन्ना कृषक दिनांक 30 सितम्बर, 2026 तक अपनी संबंधित गन्ना समिति में आवश्यक अभिलेखों के साथ सदस्यता प्राप्त करने हेतु आवेदन कर सकेंगे। इससे नए गन्ना कृषकों को समिति की सदस्यता प्राप्त कर गन्ना आपूर्ति के साथ-साथ विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान गन्ना कृषकों के अभिलेखों में कोई त्रुटि अथवा विसंगति पाई जाती है, तो उसकी आपत्ति का निस्तारण प्रतिदिन ऑनलाइन एवं मौके पर ही किया जाएगा, जिससे किसानों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
टोल फ्री नंबर पर शिकयत और समस्याएं
गन्ना किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला, परिक्षेत्र एवं प्रदेश स्तर पर शिकायत निवारण केन्द्र स्थापित की गई है। किसान गन्ना सर्वेक्षण एवं सट्टा से संबंधित अपनी शिकायतें एवं समस्याएं टोल-फ्री नम्बर ‘1800-121-3203’ पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
सरकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
गन्ना विकास विभाग द्वारा ग्राम स्तरीय सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से गन्ना समितियों द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं यथा- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) तथा अटल पेंशन योजना (APY) की भी जानकारी किसानों को प्रदान की जाएगी। इन योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नामांकन अभियान के माध्यम से प्रदेश के लाखों गन्ना किसान परिवारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त होगा। इससे किसानों एवं उनके परिवारों को जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा एवं वृद्धावस्था में नियमित पेंशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से सहभागी बने
आयुक्त, गन्ना एवं चीनी उ.प्र. ने गन्ना कृषकों से अपील की है कि वे अपने ग्राम में आयोजित होने वाले सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से सहभागी बने तथा अपने गन्ना सम्बन्धित आकड़ों को देखकर संतुष्ट हो लें ताकि पेराई सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो। यह कार्यक्रम गन्ना किसानों को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0