सुमधुर भजनों से गूंजा ईश्वर धाम मंदिर

Jul 27, 2026 - 18:30
 151  3.7k
सुमधुर भजनों से गूंजा ईश्वर धाम मंदिर

51 मातृशक्तियों ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कर दिया श्रद्धा का अनुपम संदेश, भजनों और नृत्य की प्रस्तुतियों ने मन मोहा, किशोर चतुर्वेदी ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

लखनऊ : इंदिरानगर सेक्टर-आठ स्थित ईश्वर धाम मंदिर प्रांगण का वातावरण रविवार शाम आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। शास्त्रीय गायन, नृत्य व भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों के बीच 51 मातृशक्तियों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संदेश दिया। साड़ी में महिला समूह की योग की अनुशासित और आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मलंग फाउंडेशन की ओर से मंदिर की संरक्षक शारदा पांडेय की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भजन गायक किशोर चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने अपने सुमधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सरस्वती व गणेश वंदना के बाद मंगल फाउंडेशन की अध्यक्ष गीता शुक्ला और सह संयोजक मिथलेश शंखधर ने 51 मातृशक्तियों के साथ श्रीहनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह के साथ तालियां बजाकर सुर में सुर मिलाया। मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गूंज उठा।

रत्ना शुक्ला के संचालन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शांभवी वैष्णवी ने भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं रजनीगंधा सिंह के नेतृत्व में नौ महिलाओं ने साड़ी में योग की आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। शास्त्रीय गायन और नृत्य की मनभावन प्रस्तुतियों का सिलसिला देर तक चला। दिनेश पांडेय और उनके साथ आए कलाकारों के भजन गायन पर श्रोता भक्तिरस में झूम उठे। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने संगीतमय और आध्यात्मिक आयोजन का आनंद लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0