उत्तरांचल पंजाबी महासभा में एकता की पहल तेज, दोनों पक्षों ने पुरानी कोर कमेटी के निर्णय को माना सर्वोपरि

Jul 26, 2026 - 00:30
 119  3.6k
उत्तरांचल पंजाबी महासभा में एकता की पहल तेज, दोनों पक्षों ने पुरानी कोर कमेटी के निर्णय को माना सर्वोपरि

*संगठन विस्तार को लेकर हुई बैठक में अलग गुट के प्रतिनिधियों ने रखा एकजुट होकर काम करने का प्रस्ताव, सर्वसम्मति से हुआ स्वागत

देहरादून- उत्तरांचल पंजाबी महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक राजा रोड स्थित श्री गीता भवन मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, प्रदेशभर में नई इकाइयों के गठन तथा महासभा को अधिक सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक का नेतृत्व उत्तराखंड प्रभारी एवं कोर कमेटी सदस्य सुभाष कोहली, राकेश ओबेरॉय, सविता ओबेरॉय और हरीश नारंग ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान उस समय महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया, जब महासभा से अलग हुए समूह के प्रतिनिधि बलदेव पराशर, जी.एस. आनंद और सरदार पी.एस. कोचर भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने संगठन में एकता स्थापित करने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के हित में सभी को अलग-अलग गुटों में बंटने के बजाय एक मंच पर आकर कार्य करना चाहिए।

उनके प्रस्ताव पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि यदि वास्तविक रूप से संगठनात्मक एकता स्थापित करनी है, तो पहले अलग बनाए गए संगठनात्मक ढांचे और घोषणाओं को निरस्त किया जाए। इसके बाद महासभा की पूर्व गठित कोर कमेटी के समक्ष दोनों पक्ष बैठकर चर्चा करें और जो भी निर्णय कोर कमेटी ले, उसे सभी बिना किसी शर्त के स्वीकार करें।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि वरिष्ठ नेताओं तिलक राज बेहड़, सरदार हरभजन सिंह चीमा, सुभाष कोहली, राकेश ओबेरॉय, राजकुमार अरोरा, प्रदीप सचदेवा, राजीव घई, दिनेश मानसेरा और जगदीश पाहवा की कोर कमेटी को इस प्रक्रिया का सर्वोच्च मंच माना जाएगा। अलग गुट के प्रतिनिधियों ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कोर कमेटी के निर्णय को अंतिम रूप से स्वीकार करने की बात कही।

दोनों पक्षों के बीच बनी इस सहमति का बैठक में मौजूद सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। साथ ही निर्णय लिया गया कि जल्द से जल्द कोर कमेटी की बैठक आयोजित कर संगठनात्मक एकता की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि समाज के हित में सभी मिलकर कार्य कर सकें।

बैठक का संचालन हरीश नारंग ने किया। इस अवसर पर अनिल मारवाह, सरदार बलविंदर सिंह साहनी, गोपाल पुरी, आशीष नागरथ, सुनील मेसोन, सरदार संतोख नागपाल, नवनीत ओबेरॉय, सुनील विरमानी, हरीश कोहली, सरदार मेजर सिंह, सतीश कपूर, सुनील बांगा, सरदार गुरजिंदर सिंह, सरदार रविंद्र सिंह, नरेश चंडोक, अर्जुन कोहली, राजू गुलाटी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

The post उत्तरांचल पंजाबी महासभा में एकता की पहल तेज, दोनों पक्षों ने पुरानी कोर कमेटी के निर्णय को माना सर्वोपरि appeared first on .

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0