राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बच्चों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा : सात टीमों को राज्य स्तर पर मिली जगह

Nov 27, 2026 - 00:30
 145  2k
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बच्चों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा : सात टीमों को राज्य स्तर पर मिली जगह

*32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में 29 टीमों ने प्रदर्शित किए शोध आधारित मॉडल और नवाचारी परियोजनाएं, हल्द्वानी में 1 से 3 दिसंबर तक होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता

देहरादून- देहरादून के श्री वर्णीं जैन इंटर कालेज में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बाल वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा और नवाचार का परिचय दिया। आयोजन में विभिन्न विद्यालयों की 29 चयनित टीमों ने परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक प्रयोगों, शोध और नए विचारों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के बाद सात टीमों को राज्य स्तरीय आयोजन के लिए चुना गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला, विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शुभि गुप्ता, प्रबंध समिति अध्यक्ष मनीष जैन और जिला समन्वयक सुधीर कांति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला ने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर अपने आसपास मौजूद चुनौतियों को समझने और उनके समाधान के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाने का अवसर देती है। उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बने रहने, सवाल पूछने और तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष निकालने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुसार, प्रश्न करने और तर्क के आधार पर उत्तर तलाशने की प्रवृत्ति ही वैज्ञानिक सोच को मजबूत बनाती है।

जिला समन्वयक सुधीर कांति ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके माध्यम से 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं का अवलोकन करने, उनका वैज्ञानिक अध्ययन करने और व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इस वर्ष प्रतियोगिता की केंद्रीय विषयवस्तु ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखी गई है। इसके तहत अपशिष्ट प्रबंधन में R5, ऊर्जा में E4, जल, खाद्य एवं कृषि तथा स्वास्थ्य और सतत विज्ञान के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली के अनुप्रयोग जैसे विषयों पर परियोजनाएं तैयार की गईं।

उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों से प्रतियोगिता के लिए 183 टीमों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। परियोजनाओं की जांच और स्वीकृति की प्रक्रिया के बाद 29 टीमों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट के जरिए स्थानीय स्तर की समस्याओं को रेखांकित करते हुए उनके समाधान से जुड़े विचार निर्णायकों के सामने रखे।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन की जिम्मेदारी ब्लॉक अध्यक्ष रायपुर रामेंद्र राणा, डॉ. आशीष रतूड़ी, डॉ. वर्षा पर्चा और डॉ. तृप्ति मलिक के निर्णायक मंडल ने निभाई। सभी 29 परियोजनाओं का निर्धारित मानकों के आधार पर परीक्षण किया गया। इसके बाद आगामी 1 से 3 दिसंबर 2026 तक हल्द्वानी में होने वाली राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए सात टीमों का चयन किया गया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों में डीपीएस विकासनगर की कृतिका सती एवं हृदय गुलाटी, श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज की नैना एवं प्रियंका, निखिल बजेठा एवं आराध्य तथा काव्य बजेठा एवं उजाला मुरथया शामिल हैं। इनके अलावा जीआईसी गुनियाल गांव की अनुष्का एवं मानवी, एसजीआरआर इंटर कॉलेज की नम्रता एवं जेसिका और जीजीआईसी लखीबाग की श्रुति कुकरेती ने भी राज्य स्तर के लिए स्थान बनाया है।

आयोजन के दौरान संविधान दिवस के अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रतिभागियों और अतिथियों को संविधान की शपथ भी दिलाई।आयोजन में ब्लॉक समन्वयक सरदार दलजीत सिंह, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहगल, डॉ. संजय मौर्य, पवन शर्मा, डॉ. राजीव अग्रवाल, योगिता भट्ट, भावना नैथानी, कल्पत सिंह चौहान, पंकज बिजल्वाण, नरेश कोटनाला, महावीर सेमवाल, अंबिका गैरोला, मनमोहन मठपाल, रंजन वर्मा, अनीता भट्ट, ज्योति तिवारी, निशा जुगराण और मोहित भट्ट सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षाविद् मौजूद रहे।

The post राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बच्चों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा : सात टीमों को राज्य स्तर पर मिली जगह appeared first on .

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0