कांवड़ यात्रा 2026: सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक खबर, फेक नेरेटिव पर त्वरित हो कार्रवाई: डीजीपी राजीव कृष्ण

Jul 21, 2026 - 00:30
 151  30.6k
कांवड़ यात्रा 2026: सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक खबर, फेक नेरेटिव पर त्वरित हो कार्रवाई: डीजीपी राजीव कृष्ण

Meerut News: मुख्य सचिव व डीजीपी ने की कांवड़ यात्रा तैयारी के संबंध में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद एवं अन्य राज्यों उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
मुख्य सचिव ने इस दौरान कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराये जाने हेतु शासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज मुख्य सचिव उ0प्र0 शासन एसपी गोयल एवं डीजीपी राजीव कृष्ण की संयुक्त अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा को लेकर मंडलायुक्त सभागार में, मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद मंडल एवं उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान राज्यों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गयी। भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव महोदय ने बाबा औघडनाथ मंदिर पहुंचकर कांवड़ यात्रा से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जलाभिषेक किया। वर्चुअल माध्यम से संबंधित समस्त जुडे पश्चिमी उप्र के समस्त जनपदों के अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा कार्यवाही से अवगत कराया। बैठक में पीपीटी के माध्यम से कांवड़ यात्रा के संबंध में आने वाली चुनौतियों एवं उनसे निपटने के लिए की गई तैयारियों के संबंध में मुख्य सचिव उप्र शासन व डीजीपी के समक्ष प्रजेन्टेशन दिया। जनपद आगमन पर आयुक्त व एडीजी ने मुख्य सचिव एवं डीजीपी का मोमेन्टो व पौधा भेंटकर तथा शॉल ओढाकर स्वागत किया।
शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कांवड़ यात्रा
मुख्य सचिव एस0पी0 गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं विशाल आयोजन है। इसे बिना किसी अप्रिय घटना एवं बिना किसी दुर्घटना के सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना हम सभी का साझा दायित्व है। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों एवं दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। कांवड़ यात्रा के दौरान सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग एवं उससे जुड़े सभी प्रमुख स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता एवं सैनिटेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ शिविरों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए। शिविरों के लिए आवश्यक अनुमति, विद्युत कनेक्शन, अग्नि सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य सभी सुरक्षा मानकों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था हो
कांवड़ उठाने के स्थलों, स्नान घाटों, प्रमुख मंदिरों एवं जलाभिषेक स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाएं। सभी कांवड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार चिकित्सा शिविर, बाइक एम्बुलेंस, एम्बुलेंस सेवा तथा अस्पतालों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जीरो इंसीडेंट जीरो एक्सीडेंट अचीव करने के लक्ष्य के साथ कार्रवाई की जायेगी।
ट्रैफिक डायवर्जन पर सूचनाओं का हो आदान-प्रदान
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन के दृष्टिगत सभी संबंधित जनपदों एवं सीमावर्ती राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, संयुक्त रूट प्लानिंग तथा प्रत्येक बिंदु पर पूर्व तैयारी सुनिश्चित करते हुए भीड़ प्रबंधन एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाई जाए, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
मीट और शराब की दुकान संचालन न हो
उन्होंने कांवड़ यात्रा आयोजन के संबंध में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत पोल को पालिथीन से कवर कराने, ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग कराने, गोताखोर, मोटरबोट, चिकित्सा सुविधा, होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट, चिकित्सा शिविर, मीट और शराब की दुकान संचालन न होना, मोबाइल टॉयलेट, स्ट्रीट लाईट, सडक मरम्मत/पेंचवर्क, रूट डायवर्जन, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन से निगरानी, कम्यूनिकेशन प्लॉन, साईनेज, सोशल मीडिया, सुरक्षा समितियों के साथ बैठक एवं संवाद, जल निकासी, प्लास्टिक मुक्त, शांति एवं कानून व्यवस्था सहित कांवड यात्रा के सभी बिन्दुओ पर गहन मंथन/चर्चा करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का तुरंत संज्ञान लें
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं एक्सप्रेस-वे के एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिक तैनात किए जाएं, ताकि मार्ग की जानकारी के अभाव में कांवड़ यात्री भ्रमित न हों तथा उन्हें निर्धारित मार्ग पर सुरक्षित रूप से भेजा जा सके।
पड़ोसी राज्यों के एंट्री प्वाइंट एवं चेक पोस्ट पर समन्वय बनाए
पड़ोसी राज्यों के एंट्री प्वाइंट एवं चेक पोस्ट पर सतत समन्वय बनाए रखा जाए। किसी भी परिस्थिति में सूचना संप्रेषण में बाधा न आए तथा आवश्यक सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। डीजे संचालन सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप कराया जाए। डीजे की ऊंचाई मानक के अनुरूप रहे। डीजे संचालकों के साथ पूर्व में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं तथा सत्यापन एवं चिन्हांकन की कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए। डीजे प्रतियोगिता, बिना साइलेंसर के वाहन संचालन, स्टंटबाजी एवं अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए, पूर्व सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
कांवड़ यात्रा से संबंधित आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर विभिन्न मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आमजन एवं श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जाएं। अफवाहों, भ्रामक समाचारों एवं फेक नैरेटिव पर सतत निगरानी रखी जाए तथा ऐसी किसी भी सूचना के संज्ञान में आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाये तथा पूर्व में चिन्हित कर कार्यवाही की जाये।
ये अधिकारीगण रहे उपस्थित
इस अवसर पर एडीजी भानु भास्कर, आयुक्त मेरठ मंडल भानू चन्द्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद मंडलो के कमिश्नर, डीआईजी, सीमावर्ती राज्यो के वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण, जिलाधिकारी मेरठ डा0 वी0के0 सिंह, एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे, प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल रवीश गुप्ता, सीडीओ मेरठ नूपुर गोयल, अपर आयुक्त अमित कुमार, नगर आयुक्त मेरठ सौरभ गंगवार, उपाध्यक्ष एमडीए संजय कुमार मीणा, जिला सूचना अधिकारी मेरठ सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी आयुक्त सभागार में भौतिक रूप से उपस्थित रहे तथा मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद मंडल के समस्त जनपदो के संबंधित अधिकारी एवं उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान के संबंधित अधिकारीगण वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0