‘किसी की औकात नहीं कि मुझे टिकट दे’, उमा भारती का दो टूक जवाब; यूपी चुनाव को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी
ग्वालियर: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने चुनाव लड़ने और टिकट को लेकर बेबाक बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला वह खुद करती हैं। किसी में इतनी हैसियत नहीं कि उन्हें टिकट दे सके। ग्वालियर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उमा भारती ने कहा कि अगर भाजपा एक बार फिर यूपी में जीत दर्ज करती है, तो अगले 20 साल तक राज्य में दूसरे राजनीतिक दलों का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
उमा भारती वृंदावन से भोपाल जा रही थीं। रास्ते में ग्वालियर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन पर भी निशाना साधा।
शराब नीति पर शिवराज सिंह चौहान की तारीफ
शराबबंदी के मुद्दे पर बात करते हुए उमा भारती ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने शराब को लेकर अच्छी और प्रभावी नीति बनाई थी। उमा भारती के मुताबिक, उन्होंने इस नीति के हर बिंदु पर अपनी सहमति दी थी।
हालांकि, उन्होंने शराबबंदी को लेकर जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि गांव के सरपंच से लेकर विधायक और सांसद तक किसी ने भी इस मामले में अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से नहीं निभाई।
शराबबंदी के लिए जनप्रतिनिधियों को निभानी होगी जिम्मेदारी
उमा भारती ने कहा कि पुलिस प्रशासन हर जगह चौबीसों घंटे निगरानी नहीं कर सकता। पुलिस की भूमिका मुख्य रूप से तब सामने आती है, जब किसी स्थान पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो या ऐसी स्थिति पैदा हो जाए।
उन्होंने जोर दिया कि शराबबंदी की नीति को प्रभावी बनाने के लिए लगातार निगरानी जरूरी है। यह जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों को ही गंभीरता और ईमानदारी से निभानी होगी। उनके मुताबिक, जवाबदेही तय होने और निरंतर निगरानी से ही इस अभियान के सकारात्मक नतीजे सामने आ सकते हैं।
तबीयत बिगड़ने पर ग्वालियर में रोकी यात्रा
उमा भारती सड़क मार्ग से वृंदावन से भोपाल के लिए रवाना हुई थीं। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके चलते उन्हें ग्वालियर में रुकना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सड़क से आगे की यात्रा जारी रखने के बजाय ट्रेन से भोपाल जाने का फैसला किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0