नमो भारत ट्रेन परिचालन के तीन साल पूरा होने पर एनसीआरटीसी ने मनाया नमो भारत दिवस 2026
गाजियाबाद। एनसीआरटीसी ने नमो भारत के परिचालन के तीन सफल वर्ष पूरे होने और इसके माध्यम से क्षेत्रीय परिवहन के क्षेत्र में आए महत्वपूर्ण परिवर्तनों का उत्सव मनाते हुए नमो भारत दिवस 2026 का आयोजन किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री, मनोहर लाल, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, तोखन साहू, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राजधानी विकास विभाग की सचिव एवं एनसीआरटीसी की अध्यक्ष, डी. तारा तथा शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह उपस्थित रहे। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने एनसीआरटीसी के निदेशक मंडल एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।
नमो भारत ट्रेन की अब तक की उल्लेखनीय यात्रा पर प्रकाश डाला
इस अवसर पर एनसीआरटीसी ने नमो भारत ट्रेन की अब तक की उल्लेखनीय यात्रा पर प्रकाश डाला। एक फिल्म के माध्यम से परियोजना की प्रमुख उपलब्धियों, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों, यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रदान की जा रही फर्स्ट एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी तथा पर्यावरणीय एवं वित्तीय स्थिरता को बढ़ावा देने की दिशा में उठाए गए कदम तथा नवाचारों जैसे ‘सोलर ऑन ट्रैक’ तथा 110 मेगावाट के कैप्टिव सौर ऊर्जा संयंत्र के विकास को दर्शकों के साथ साझा किया गया।

4.5 करोड़ से अधिक यात्राएँ दर्ज की जा चुकी
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री, मनोहर लाल ने कहा, ‘नमो भारत’ केवल एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम के संकल्प, समर्पण, संस्कृति और संस्कारों की प्रेरणा है। नमो भारत रैपिड रेल भारत में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान करते हुए शहरी परिवहन के भविष्य को नया आयाम दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 20 अक्टूबर 2023 को शुभारंभ किए जाने के बाद, दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ के 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएँ दर्ज की जा चुकी हैं। यह उपलब्धि आधुनिक, सुरक्षित और सुगम परिवहन के प्रति देशवासियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।’

अक्टूबर 2023 में साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच परिचालित
नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन का आरंभ अक्टूबर 2023 में साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड के उद्घाटन के साथ हुआ था। इसके बाद पूरे कॉरिडोर को चरणबद्ध रूप से परिचालित किया गया। 22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय मेरठ मेट्रो के साथ संपूर्ण 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया।

एक लाख से अधिक लोग प्रतिदिन कर रहे सफर
वर्तमान में नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन 1.1 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। हाल ही में इसने लगभग 1.68 लाख यात्रियों के साथ अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप का रिकॉर्ड दर्ज किया है। अपनी तेज़, नियमित और विश्वसनीय सेवाओं के माध्यम से नमो भारत लोगों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान कर रहा है। इससे रोज़गार, शैक्षणिक संस्थानों और आर्थिक केंद्रों तक पहुंच आसान हो रही है तथा यात्रियों को अपने दैनिक जीवन में अधिक सुविधा और समय की बचत का लाभ मिल रहा है। दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के सफल क्रियान्वयन के साथ ही, अन्य दो प्रायोरिटी नमो भारत कॉरिडोरों यानी दिल्ली–पानीपत–करनाल और दिल्ली–गुरुग्राम–बहरोड़ को भी शीघ्र मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, गाजियाबाद–जेवर और नोएडा–फरीदाबाद–गुरुग्राम कॉरिडोर भी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के चरण में हैं।
लोगों के प्रति आभार व्यक्त कर उनके प्रयासों की सराहना की
इस अवसर पर इस परिवर्तनकारी परियोजना में योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और उनके प्रयासों की सराहना की गई। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक, शलभ गोयल ने कहा, ‘एनसीआरटीसी की स्थापना देश में एक आधुनिक, सुरक्षित, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली विकसित करने के विजन के साथ की गई थी। आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो यह देखकर गर्व होता है कि हमने इस विजन को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे साकार करने की दिशा में ठोस और उल्लेखनीय प्रगति की है।’ उन्होंने टीम सदस्यों के परिवारों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जो हर परिस्थिति में उनके साथ दृढ़ता से खड़े रहे और उनके अटूट विश्वास और सहयोग को एनसीआरटीसी की यात्रा का एक अभिन्न अंग बताया।
कर्मचारियों को वार्षिक पुरस्कारों द्वारा सम्मानित किया
इस अवसर पर बीते एक वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को वार्षिक पुरस्कारों द्वारा सम्मानित भी किया गया। नमो भारत के सफल क्रियान्वयन और संचालन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है और यह पुरस्कार उनकी निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किए गए। इनके माध्यम से न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों, बल्कि उस सामूहिक भावना और टीम वर्क का भी सम्मान किया गया, जो एनसीआरटीसी की यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इस समारोह में विभिन्न कलाकारों द्वारा संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने चार चाँद लगाते हुए और रंग एवं उत्साह भर दिया।
नमो भारत परियोजना की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि एक आधुनिक सार्वजनिक परिवहन लोगों को सामाजिक, आर्थिक एवं अन्य अवसरों के करीब लाने और एक अधिक कनेक्टेड, सुलभ एवं सतत क्षेत्र विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यात्रियों को अपनी परिकल्पना के केंद्र में रखते हुए, एनसीआरटीसी इस क्षेत्र के लोगों के लिए एक सुरक्षित, आरामदायक, विश्वसनीय और कुशल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा नमो भारत की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0