भारतीय आयुर्वेद व योग को पोलैंड में विस्तार देगा सीसीएसयू

Jul 6, 2026 - 09:30
 145  501.8k
भारतीय आयुर्वेद व योग को पोलैंड में विस्तार देगा सीसीएसयू

Meerut CCSU News: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में पोलैंड दौरे पर गए विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने वारसॉ स्थित भारतीय दूतावास के सहयोग से भारत की राजदूत सुश्री नीता भूषण एवं श्री संदीप कुमार की अनुशंसा पर पोलिश मॉडर्न आयुर्वेद फाउंडेशन की अध्यक्ष मोनिका कारोलेचुक तथा अंतरराष्ट्रीय एवं शैक्षणिक सहयोग समन्वयक जोलांटा रिबार्चिक के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा तथा शैक्षणिक सहयोग के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उच्च विद्यालय के शोध निदेशक प्रोफेसर बीरपाल सिंह एवं प्रोफेसर जितेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे।
आयुर्वेद की मूल जड़ें भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा
बैठक में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि योग और आयुर्वेद की मूल जड़ें भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा से जुड़ी हैं। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के निकट मेरठ में स्थित है तथा हरिद्वार, ऋषिकेश जैसे विश्वप्रसिद्ध योग एवं आयुर्वेद केंद्रों के समीप होने के कारण इस विरासत से स्वाभाविक रूप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में योग विभाग संचालित है, जहां योग शिक्षा के साथ-साथ नियमित निःशुल्क योगशाला का संचालन किया जाता है तथा योग एवं प्राकृतिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों की जानकारी देते हुए आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
आयुर्वेद एवं योग के क्षेत्र में सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापन
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भविष्य में शैक्षणिक आदान-प्रदान, संयुक्त शोध, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के विनिमय कार्यक्रम तथा आयुर्वेद एवं योग के क्षेत्र में सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाने की संभावनाओं पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श किया। प्रतिनिधिमंडल ने पोलिश मॉडर्न आयुर्वेद फाउंडेशन के साथ दीर्घकालिक संस्थागत सहयोग स्थापित करने की इच्छा व्यक्त की, जिस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताते हुए आगे आवश्यक विचार करने का निर्णय लिया।
विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए भी नए अवसर
कुलपति ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सहयोग भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच पर नई पहचान देने के साथ-साथ विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए भी नए अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। यह भी उल्लेखनीय है कि पोलैंड के श्चेचिन (Szczecin) स्थित पोलिश मॉडर्न आयुर्वेद फाउंडेशन आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार के साथ उच्च शिक्षा संस्थानों के सहयोग से भी कार्य कर रहा है।
योग, आयुर्वेद, शोध, विद्यार्थी एवं शिक्षक आदान-प्रदान
फाउंडेशन ने श्चेचिन स्थित Collegium Balticum – Academy of Applied Sciences के साथ शैक्षणिक साझेदारी स्थापित की है, जिसके माध्यम से आयुर्वेद आधारित उच्च शिक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ और फाउंडेशन के बीच योग, आयुर्वेद, शोध, विद्यार्थी एवं शिक्षक आदान-प्रदान तथा संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर भविष्य में समझौता ज्ञापन (एमओयू) की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0