UPSC परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित, पिथौरागढ़ के आदित्य चमके, बिना कोचिंग के हासिल की 189वीं रैंक

Mar 7, 2026 - 09:30
 147  5.4k
UPSC परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित, पिथौरागढ़ के आदित्य चमके, बिना कोचिंग के हासिल की 189वीं रैंक

रैबार डेस्क:  संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में उत्तराखंड के युवाओं ने भी अपनी प्रतिभा कालोहा मनवाया है। पिथौरागढ़ के आदित्य पाठक और हरिद्वार के तुषार ने अच्छी रैंक के साथ परीक्षा पास करके मपुकाम पाया है।

पिथौरागढ़ के आदित्य पाठक ने UPSC परीक्षा में 189वीं रैंक हासिल की है। खास बात ये है कि आदित्य ने बिना कोचिंग के चौथे प्रयास में ये सफलता हासिल की है। शिक्षक दंपती के पुत्र आदित्य की सफलता की जानकारी मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। मूल रूप से बेरीनाग तहसील के उपराड़ा गांव के रहने वाले आदित्य ने इंटर तक की शिक्षा नगर के डान बास्को स्कूल से प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में ऑनर्स पूरा किया। उन्होंने मुंबई से अर्थशास्त्र में मास्टर की डिग्री हासिल की। ग्रेजुएशन के दौरान ही वह यूपीएससी की तैयारियों में जुट गए थे। इसके लिए उन्होंने कोचिंग की मदद नहीं ली। टेस्ट सीरिज से अपनी तैयारियों में जुटे रहे। चौथे प्रयास में उन्हें सफलता हासिल हुई। उनके पिता माधवानंद पाठक राइंका दिगतौली से शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। उनकी माता मंजुला पाठक हाईस्कूल रिणबिछुल में शिक्षक हैं। उनके छोटे भाई अभिषेक पाठक भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर तैनात हैं।

आदित्य पाठक ने कहा है कि इस परीक्षा में सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। उन्हें चौथे प्रयास में सफलता मिली। तीन बार असफलता के बाद भी उन्होंने अपना आत्मविश्वास कम नहीं होने दिया। हर रोज नियमित रूप से आठ से 10 घंटे पढ़ाई के साथ ही नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ाना उनकी दिनचर्या रहा है। उन्होंने परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं से कहा है कि सफलता के लिए धैर्य, कड़ी मेहनत और अनुशासन जरूरी है।

नौकरी के साथ UPSC की तैयारी,  तुषार ने हासिल की 216वीं रैंक

हरिद्वार के बहादराबाद ब्लाक के ग्राम अतमलपुर बोंगला निवासी तुषार चौहान (27 वर्ष) ने इस परीक्षा में 216वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। उन्होंने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल की है। तुषार चौहान ने 12वीं तक की पढ़ाई एसएन पब्लिक स्कूल, मयूर विहार दिल्ली से की है। इसके बाद उन्होंने आईआईटी मुंबई से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। उनके पिता अनुज कुमार चौहान इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं और माता प्रतिभा चौहान गृहिणी हैं।तुषार की शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में ही हुई। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी और तीसरे प्रयास में सफलता हासिल कर ली। तुषार की इस उपलब्धि पर उनके दादा सतपाल ठेकेदार ने भी खुशी व्यक्त की है।

उत्तरकाशी के आशुतोष, ऋषभ ने लहराया परचम

शुक्रवार को घोषित परीक्षा परिणाम में उत्तरकाशी की बनाल पट्टी गुलाड़ी गांव के होनहार युवा आशुतोष नौटियाल ने 398 वीं रैंक हासिल की, जबकि पुरोला के ग्राम सुनाली निवासी ऋषभ नौटियाल ने परीक्षा में 552 वीं रैंक प्राप्त की। ऋषभ नौटियाल के पिता त्र्यंबक प्रसाद नौटियाल एमडीडीए सहायक अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मां ललिता नौटियाल गृहिणी हैं। आशुतोष ने तीसरे तथा ऋषभ ने चौथे प्रयास में सफलता हासिल की। ऋषभ व आशुतोष की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

The post UPSC परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित, पिथौरागढ़ के आदित्य चमके, बिना कोचिंग के हासिल की 189वीं रैंक appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0