टिहरी के विकास कार्यों पर मुख्य सचिव का सख्त रुख! सड़क, पेयजल और पर्यटन परियोजनाओं में तेजी के निर्देश, अधिकारियों को तय की समयसीमा

Jun 5, 2026 - 18:30
 148  2.6k
टिहरी के विकास कार्यों पर मुख्य सचिव का सख्त रुख! सड़क, पेयजल और पर्यटन परियोजनाओं में तेजी के निर्देश, अधिकारियों को तय की समयसीमा

टिहरी गढ़वाल : उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने टिहरी गढ़वाल जनपद के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल योजनाओं, सीवर नेटवर्क और पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन सहित सभी पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।

सड़क और पुल परियोजनाओं को लेकर दिए अहम निर्देश

बैठक में सड़क नेटवर्क, मोटरेबल ब्रिज और लोक निर्माण विभाग की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कुंभ मेला से जुड़ी नरेंद्रनगर-किनवानी-नीरगढ़ सेक्शन रोड के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस पर मुख्य सचिव ने कार्य जल्द शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा रामझूला सेतु के सुदृढ़ीकरण और सुरक्षा कार्यों की भी समीक्षा की गई। पीएमजीएसवाई फेज-4 के तहत स्वीकृत सड़कों और बाढ़ व आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

मुनि की रेती में 40 करोड़ की ड्रेनेज परियोजना पर फोकस

मुख्य सचिव ने मुनि की रेती क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही वर्षा जल निकासी प्रणाली की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि चंद्रभागा नदी में बाढ़ सुरक्षा के लिए चैनलाइजेशन कार्य किए गए हैं, लेकिन नदी तल का स्तर बढ़ने के कारण अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान तैयार किए जाएं।

जल जीवन मिशन और पेयजल योजनाओं की समीक्षा

बैठक में हिंडोलखाल, मणि, चौरास, भरपूर, गजा, तपोवन नगर, कांडी ग्राम समूह, जलकुर और मुनि की रेती पंपिंग योजना सहित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने देवप्रयाग और कीर्तिनगर क्षेत्र में नई पेयजल पंपिंग योजनाओं की आवश्यकता और जल आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों की जानकारी दी।

पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती जल मांग और रखरखाव के लिए बजट की कमी को भी प्रमुख चुनौती बताया गया।

नई टिहरी के विकास कार्यों में लाई जाएगी तेजी

मुख्य सचिव ने राजकीय पॉलिटेक्निक नई टिहरी के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नई टिहरी माल रोड के सौंदर्यीकरण और फसाड विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

इसके साथ ही नरेंद्रनगर सीवर लाइन परियोजना में 55 प्रतिशत भौतिक प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने जनपद में संचालित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और होटलों के लिए ग्रीन रेटिंग प्रणाली की स्थिति से भी अवगत कराया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की योजनाओं पर चर्चा

मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न ब्लॉकों में संचालित फार्म और नॉन-फार्म आधारित आजीविका परियोजनाओं की जानकारी दी। ऋषिकेश और चंबा में फूड कार्ट एवं रोडसाइड ईटरी, भिलंगना में प्रिंटिंग एवं लेबलिंग यूनिट, चंबा में डेयरी और कृषि इनपुट केंद्र, थौलधार में हर्बल ऑयल उत्पादन, देवप्रयाग में मशरूम यूनिट, कीर्तिनगर में मत्स्य पालन, जौनपुर में प्लम और बकरी पालन, प्रतापनगर में पोल्ट्री और हर्बल गार्डन तथा नरेंद्रनगर में ड्रैगन फ्रूट उत्पादन जैसी योजनाओं की प्रगति साझा की गई।

पर्यटन और एडीबी परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा

मुख्य समीक्षा बैठक से पहले भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी गेस्ट हाउस में एशियाई विकास बैंक (ADB) परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने टिहरी झील क्षेत्र में सतत और जलवायु-अनुकूल पर्यटन विकास के लिए प्रस्तावित छह क्लस्टरों—डोबरा चांटी, तिवाड़ गांव, कोटि कॉलोनी, नई टिहरी, मदन नेगी और लेक क्लस्टर—की योजनाओं की जानकारी दी।

अधिकारियों को दिया जवाबदेही और गुणवत्ता का मंत्र

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि विकास कार्यों की सफलता केवल योजनाओं की घोषणा से नहीं, बल्कि उनके समय पर और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से तय होती है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0