पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में देश ने कई मिथक तोड़े, हरिद्वार में बोले सीएम धामी
हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश ने कई बड़े मिथकों को तोड़ा है और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने भी परंपरागत राजनीतिक धारणाओं को तोड़ते हुए भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में लाने का काम किया।
मुख्यमंत्री धामी शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित ‘जन जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
अनुच्छेद 370 हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया गया। इसके साथ ही नागरिकता संशोधन कानून लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिलाया गया।
उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता सहित तीन नए कानूनों के माध्यम से देश की न्याय व्यवस्था को भारतीय मूल्यों और आत्मा के अनुरूप बनाने का काम किया गया है।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण
सीएम धामी ने कहा कि गृह मंत्री के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। जिन क्षेत्रों में पहले भय और अस्थिरता का माहौल रहता था, आज वहीं विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, लेकिन आज वहां गर्व और सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराया जा रहा है।
धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति का गौरव बढ़ा है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण जैसे कार्य इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला सनातन संस्कृति के गौरव को और बढ़ाने वाला होगा।
राज्य के विकास के लिए तेजी से काम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर भी लगातार काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
पर्यटन, खेल और निवेश में नए कीर्तिमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार जी-20 जैसे वैश्विक सम्मेलन और राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर उत्तराखंड को पदक तालिका में सातवां स्थान दिलाया।
उन्होंने बताया कि वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शीतकालीन यात्रा की शुरुआत भी राज्य सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय रहा है।
आर्थिक विकास और उद्योगों में बढ़ोतरी
सीएम धामी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। बीते वर्ष राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने बताया कि राज्य का बजट आकार 60 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये हो गया है। राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर करीब 1700 से अधिक हो गई है।
राष्ट्रीय सूचकांकों में उत्तराखंड को सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा पर्यटन, एविएशन और खेल से जुड़े क्षेत्रों में भी राज्य को कई राष्ट्रीय सम्मान मिले हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को नेशनल लॉजिस्टिक्स इंडेक्स, स्टार्टअप इकोसिस्टम, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्टेट एनर्जी एंड ग्रीन इंडेक्स जैसे विभिन्न राष्ट्रीय सूचकांकों में भी सराहना मिली है।
समान नागरिक संहिता लागू करने का ऐतिहासिक फैसला
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यूसीसी को लागू करने के साथ उसे प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने का भी कार्य किया है।
घुसपैठ और भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री की प्रेरणा से राज्य में ऑपरेशन कालनेमी और सघन सत्यापन अभियान के माध्यम से घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सख्त भू-कानून लागू कर पहाड़ी क्षेत्रों में जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने का काम किया गया है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0