उत्तराखंड के इस मंदिर में बिना जेब का कुर्ता पहनेंगे पुजारी, चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए उठाया कदम

Jul 7, 2026 - 09:30
 155  5.7k
उत्तराखंड के इस मंदिर में बिना जेब का कुर्ता पहनेंगे पुजारी, चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए उठाया कदम

रैबार डेस्क: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विवाद के बीच उत्तराखंड के एक मंदिर में पारदर्शिता के लिए अनोखा तरीका अपनाया जा रहा है।  हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए मंदिर ट्रस्ट ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अब मंदिर में सेवा देने वाले सभी पुजारियों के लिए बिना जेब वाले कुर्ते पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा चढ़ावे की निगरानी के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरी व्यवस्था पर नजर रखेगी।शब्दकोश और विश्वकोश

मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने बताया कि श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखना और मंदिर की गरिमा को सुरक्षित रखना ट्रस्ट की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति की गलती का असर पूरे मंदिर प्रबंधन की छवि पर पड़ता है। इसी कारण व्यवस्थाओं में सुधार करते हुए नया ड्रेस कोड लागू किया गया है और चढ़ावे की निगरानी के लिए नई प्रणाली तैयार की गई है।

बिना जेब का कुर्ता पहनेंगे पुजारी

ट्रस्ट के निर्णय के अनुसार अब मंदिर में सेवा देने वाले सभी पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते पहनकर ही अपनी ड्यूटी निभाएंगे। ट्रस्ट का मानना है कि इस व्यवस्था से चढ़ावे को लेकर किसी भी प्रकार की शंका या विवाद की संभावना कम होगी। साथ ही सभी पुजारियों की एक जैसी वेशभूषा से अनुशासन बढ़ेगा और मंदिर की गरिमा भी बनी रहेगी। मंदिर प्रशासन ने चढ़ावे के संग्रह और प्रबंधन की निगरानी के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति के सभी सदस्यों को निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई है। समिति यह सुनिश्चित करेगी कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया दान तय प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखा जाए और उसके प्रबंधन में किसी तरह की अनियमितता न हो।

सीसीटीवी कैमरों से होगी लगातार मॉनिटरिंग

नई व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चढ़ावे और उससे जुड़ी सभी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी। सात सदस्यीय समिति समय-समय पर इन व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेगी। ट्रस्ट का कहना है कि तकनीक और मानवीय निगरानी के संयुक्त उपयोग से पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी और श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत होगा।

The post उत्तराखंड के इस मंदिर में बिना जेब का कुर्ता पहनेंगे पुजारी, चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए उठाया कदम appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0