पप्पू यादव के संसद प्रदर्शन पर सीएम धामी का तीखा हमला, बोले- ‘पप्पू गैंग ने संतों और भगवाधारियों का उड़ाया मजाक’

Aug 4, 2026 - 00:30
 127  4.4k
पप्पू यादव के संसद प्रदर्शन पर सीएम धामी का तीखा हमला, बोले- ‘पप्पू गैंग ने संतों और भगवाधारियों का उड़ाया मजाक’

देहरादून: संसद परिसर में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के प्रतीकात्मक प्रदर्शन को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के जरिए संतों, महात्माओं और भगवाधारियों का मजाक उड़ाया गया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर सनातन विरोधी सोच और वोट बैंक की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

शुक्रवार को पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव संसद परिसर में अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर साधु की वेशभूषा में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भगवा वस्त्र धारण कर पुजारी की भूमिका निभाई। इसी बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वहां पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से चंदा दिया। इसके बाद पप्पू यादव वहां से आगे बढ़ने लगे तो विपक्षी सांसदों ने ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए।

संतों और भगवाधारियों का मजाक उड़ाने का आरोप

संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने देखा कि पप्पू यादव और “पप्पू गैंग” ने मिलकर जिस तरह पूज्य महात्माओं, संतों और भगवाधारियों का मजाक उड़ाने का प्रयास किया, वह उनके चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें सनातन से किस प्रकार की नफरत है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड में पहले से ही “ऑपरेशन कालनेमी” चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं की ओर से कभी सनातन को वायरल, कभी मलेरिया तो कभी डेंगू कहने जैसे बयान दिए जाते हैं, लेकिन बाद में उन पर सफाई देने तक की जरूरत नहीं समझी जाती।

वोट बैंक की राजनीति का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरा रवैया तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित है। उनके अनुसार विपक्ष को यह डर रहता है कि यदि ऐसे मामलों पर वह कुछ बोलेगा तो उसका एक बड़ा वोट बैंक नाराज हो सकता है, इसलिए वह चुप्पी साध लेता है।

कांग्रेस पर युवाओं को वोट बैंक मानने का आरोप

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर युवाओं की उपेक्षा का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के लिए युवा केवल चुनाव के समय इस्तेमाल किए जाने वाला वोट बैंक बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश का नेतृत्व एक अभिभावक की तरह कर रहे हैं और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

नई पीढ़ी को बताया नए भारत की ताकत

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज की “जेन जी” साधारण पीढ़ी नहीं है, बल्कि प्रतिभाशाली, नवाचार से भरपूर और सीमाओं से आगे सोचने वाली पीढ़ी है। उनके अनुसार यह नए भारत की नई पीढ़ी है, जो तकनीक से पूरी तरह जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0