सड़क हादसों पर सख्त हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, ब्लैक स्पॉट से लेकर हेलमेट नियम तक दिए ये निर्देश

Aug 20, 2026 - 00:30
 135  7.2k
सड़क हादसों पर सख्त हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, ब्लैक स्पॉट से लेकर हेलमेट नियम तक दिए ये निर्देश

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सड़क सुरक्षा से संबंधित अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, सड़क सुरक्षा उपायों, ब्लैक स्पॉट के सुधार और जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों के कामकाज की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण करने को कहा। उन्होंने सड़क की डिजाइन, रोड ज्योमेट्रिक्स और अन्य तकनीकी कमियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़क की स्थिति या डिजाइन के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ रही है, वहां संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर जरूरी सुधार तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।

रोड सेफ्टी ऑडिट को दी प्राथमिकता

मुख्य सचिव ने रोड सेफ्टी ऑडिट को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बस अड्डों का भी टीम गठित कर नियमित ऑडिट कराने को कहा। ऑडिट के दौरान सामने आने वाले सुझावों को गंभीरता से लेते हुए जरूरी सुधारात्मक कदम लागू करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों और सवारियों के लिए हेलमेट का अनिवार्य उपयोग प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। परिवहन और पुलिस विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।

पर्वतीय सड़कों की सुरक्षा पर भी फोकस

मुख्य सचिव ने पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा के लिए बांस के वृक्षों तथा क्रैश बैरियर और पैराफिट से संबंधित वन एवं लोक निर्माण विभाग को पहले दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने अन्य राज्यों में अपनाई जा रही बेहतर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उन्हें उत्तराखंड में लागू करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा।

उन्होंने ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का रोड सेफ्टी तथा थर्ड पार्टी ऑडिट कराने और ऑडिट में सामने आए सुझावों के आधार पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला स्तर की समितियों की बैठकें नियमित कराने के निर्देश

मुख्य सचिव ने जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों की बैठकें निर्धारित समय पर नियमित रूप से आयोजित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बैठक का कार्यवृत्त संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।

सचिव परिवहन को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमित कार्यों की लगातार निगरानी करने और जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

हर दो-तीन महीने में चलेगा व्यापक जागरूकता अभियान

मुख्य सचिव ने सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए सेंसिटाइजेशन कैंप आयोजित करने को कहा। दुर्घटना के बाद बचाव और राहत कार्यों को लेकर पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे प्रत्येक दो-तीन महीने में अभियान के रूप में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। इसके लिए प्रचार-प्रसार का वार्षिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।

राहवीर योजना के प्रचार पर जोर

मुख्य सचिव ने राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को हिट एंड रन के लंबित मामलों की सूची संबंधित जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपद में लंबित मामलों की स्वयं समीक्षा कर उनका जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सिनेमाघरों में दिखाई जाएंगी सड़क सुरक्षा फिल्में

मुख्य सचिव ने स्थानीय सिनेमाघरों में सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन कराने को कहा। उन्होंने विभागों को वर्षभर की जागरूकता गतिविधियों के लिए समेकित प्रचार-प्रसार कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अलग-अलग समय पर लक्षित समूहों तक सड़क सुरक्षा के संदेश प्रभावी तरीके से पहुंचाए जा सकें।

ब्लैक स्पॉट के सुधार में तेजी लाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने शेष ब्लैक स्पॉट पर भी ठोस और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्कूलों में सक्रिय होंगे सड़क सुरक्षा क्लब

मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग के समन्वय से विद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लब स्थापित करने और उन्हें सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में विभागीय समन्वय, नियमित अनुश्रवण और एक्शन टेकन रिपोर्ट की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल यातायात नियमों का प्रवर्तन पर्याप्त नहीं है। इसके लिए सड़क की इंजीनियरिंग, वाहन और चालक का व्यवहार, जन-जागरूकता तथा दुर्घटना के बाद त्वरित उपचार समेत सभी पहलुओं पर एक साथ काम करना जरूरी है।

बैठक में सचिव रविनाथ रमन, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0