55वीं के.वि.एस. राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता : केन्द्रीय विद्यालय ONGC, देहरादून में भव्य समापन समारोह सम्पन्न

Oct 4, 2026 - 00:30
 164  7k
55वीं के.वि.एस. राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता : केन्द्रीय विद्यालय ONGC, देहरादून में भव्य समापन समारोह सम्पन्न

*पेनल्टी शूटआउट में कोलकाता ने चंडीगढ़ को हराया, केवीएस राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप अपने नाम की

*कांस्य पदक के लिए आगरा और गुरुग्राम संभाग के बीच मुकाबला में आगरा ने हासिल किया कांस्य पदक

देहरादून -केन्द्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग द्वारा आयोजित एवं केन्द्रीय विद्यालय ONGC, देहरादून की मेजबानी में आयोजित 55वीं के.वि.एस. राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026 (फुटबॉल बालक अंडर-17) का अम्बेडकर मैदान, ONGC, देहरादून में सफलतापूर्वक समापन हुआ।

28 सितम्बर 2026 से प्रारंभ हुई इस पाँच दिवसीय प्रतियोगिता में के.वि.एस. के 25 संभागों के लगभग 350 युवा फुटबॉल खिलाड़ियों ने 50 एस्कॉर्ट शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह खेल महोत्सव प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और सच्ची खेल भावना का जीवंत मंच बना।

अम्बेडकर मैदान उस समय रोमांच चरम पर पहुंच गया, जब 55वीं केन्द्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के फुटबॉल अंडर-17 वर्ग के खिताब का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। निर्धारित समय तक कोलकाता और चंडीगढ़ की टीमें एक-दूसरे को गोल करने का मौका नहीं दे सकीं। आखिरकार पेनल्टी शूटआउट में कोलकाता संभाग ने 6-5 से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही तेज और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने कई मौकों पर गोल करने की कोशिश की, लेकिन कोलकाता के रक्षात्मक खिलाड़ियों ने हर प्रयास को नाकाम कर दिया। दूसरी ओर कोलकाता ने भी कई अच्छे हमले किए, मगर चंडीगढ़ की मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर शादाब सहोता ने शानदार बचाव करते हुए मुकाबले को बराबरी पर बनाए रखा।

निर्धारित समय में कोई गोल नहीं होने के बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा। यहां दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर दबाव साफ दिखाई दिया। निर्णायक क्षण में कोलकाता के जर्सी नंबर 03 के खिलाड़ी आंच मुखिया ने अंतिम पेनल्टी को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 6-5 की जीत दिला दी।

*गोलकीपर शादाब के प्रदर्शन ने जीता दिल

खिताबी मुकाबले में चंडीगढ़ के गोलकीपर शादाब सहोता का प्रदर्शन भी चर्चा में रहा। उन्होंने पूरे मैच के दौरान कई खतरनाक शॉट्स को रोककर अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि पेनल्टी शूटआउट में चंडीगढ़ को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन शादाब की गोलकीपिंग की मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों ने सराहना की। उनके जुझारू प्रदर्शन को देखते हुए समारोह में विशेष सम्मान भी दिया गया।

*आगरा ने गुरुग्राम को हराकर जीता कांस्य

खिताबी मुकाबले से पहले कांस्य पदक के लिए आगरा और गुरुग्राम संभाग के बीच मुकाबला हुआ। आगरा ने शुरुआत से ही बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए 2-0 से जीत दर्ज की और कांस्य पदक हासिल किया।

*25 संभागों के 350 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

केन्द्रीय विद्यालय संगठन के देहरादून संभाग की मेजबानी में 28 सितंबर से शुरू हुई पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 25 संभागों से करीब 350 अंडर-17 फुटबॉल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के साथ लगभग 50 एस्कॉर्ट शिक्षक भी मौजूद रहे। वहीं अंडर-14 वर्ग के मुकाबले केन्द्रीय विद्यालय अपर कैंप, देहरादून में आयोजित किए गए। दोनों आयु वर्गों को मिलाकर समापन समारोह में करीब 700 प्रतिभागियों और 100 एस्कॉर्ट्स की मौजूदगी रही।

*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

केन्द्रीय विद्यालय ओएनजीसी, देहरादून में आयोजित समापन समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद स्वागत गीत और हरित अभिनंदन के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने समारोह में स्थानीय रंग भर दिया।

समापन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी मनीष मैथानी मुख्य अतिथि रहे, जबकि केवीएस देहरादून संभाग की उपायुक्त प्रीति सक्सेना मुख्य संरक्षक के रूप में मौजूद रहीं। सहायक आयुक्त सुरजीत सिंह, केवीएस मुख्यालय के पर्यवेक्षक आनंद कुमार और केन्द्रीय विद्यालय अपर कैंप के प्राचार्य अवधेश दुबे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

*खिलाड़ियों और निर्णायकों का सम्मान

समारोह में प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा के बाद विजेता और पदक विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रतियोगिता के संचालन में योगदान देने वाले अधिकारियों और निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता का संचालन उत्तराखंड राज्य फुटबॉल संघ द्वारा नियुक्त 12 अनुभवी रेफरियों ने किया। रेफरी विभाग के प्रमुख तनवीर अहमद के नेतृत्व में टूर्नामेंट का संचालन हुआ। फाइनल में महेन्द्र सिंह रावत, डी.एस. नेगी, अनीश छेत्री और गोहर निसार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ संभाग के शारीरिक शिक्षा शिक्षक कुलदीप सिंह और चेन्नई संभाग के केन्द्रीय विद्यालय डीजीक्यूए के छात्र युवान कन्ना ने प्रतियोगिता से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

ध्वज अवतरण और हस्तांतरण के साथ प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा की गई। अंत में स्थल प्राचार्य सुशील कुमार धीमान ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, एस्कॉर्ट शिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

पांच दिनों तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन ने फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धी मंच देने के साथ अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर भी दिया। आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों ने केन्द्रीय विद्यालय ओएनजीसी की टीम के आतिथ्य और व्यवस्थाओं की सराहना की।

The post 55वीं के.वि.एस. राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता : केन्द्रीय विद्यालय ONGC, देहरादून में भव्य समापन समारोह सम्पन्न appeared first on .

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0