असम महिला मामले में हरक सिंह के खिलाफ 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज, कांग्रेस लीडर की बढ़ी मुश्किल
हरक सिंह और असम महिला मामला उत्तराखंड की राजनीति से जुड़ा 23 साल पुराना विवाद है, ये नवंबर 2026 में फिर से चर्चा में आया
देहरादून/गुवाहाटी: उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 साल पहले चर्चित रहे असम महिला प्रकरण में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है. पीड़ित महिला की शिकायत पर असम के गुवाहाटी स्थित महिला थाने में हरक सिंह रावत के खिलाफ 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. महिला ने साल 2002-03 के दौरान नाबालिग अवस्था में यौन शोषण, जबरन बंधक बनाने, गर्भावस्था के दौरान प्रताड़ित करने और साक्ष्य मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. असम की राजधानी गुवाहाटी के जिस महिला थाने में हरक सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, वहां की इंस्पेक्टर ने इसकी पुष्टि की है.
शारीरिक शोषण के वक्त पीड़ित 16 वर्ष की थी: शिकायत के मुताबिक, घटना के समय महिला की उम्र करीब 16 वर्ष थी और वह देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में बस अड्डे के पास एक एसटीडी बूथ पर काम करती थी. आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर कांग्रेस लीडर के एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने उसे यमुना कॉलोनी स्थित तत्कालीन मंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचाया.
दो महीने में कई बार शारीरिक शोषण और गर्भवती करने का आरोप: असम की पीड़ित महिला ने इसके बाद उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन वहां रखने का आरोप लगाया गया है. महिला ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया. उसे मसूरी समेत अलग-अलग स्थानों के होटलों में भी ले जाया गया, जिनमें एक होटल का नाम भी शिकायत में शामिल है. गर्भवती होने के बाद नारी निकेतन में रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है.
2016 के घटनाक्रम का भी किया जिक्र: असम की महिला ने अपनी शिकायत में वर्ष 2016 के एक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया है. उसका दावा है कि उस दौरान हरक सिंह रावत के करीबी रहे एक शख्स उससे मिलने पहुंचे थे. महिला ने 9 नवंबर 2026 को हुई प्रेस वार्ता के संदर्भ में उस शख्स की पहचान किए जाने की बात भी कही है.
डीएनए जांच और पुराने रिकॉर्ड जब्त करने की मांग: महिला ने अपने और बेटे के बयान असमिया अनुवादक की मदद से मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की मांग की है. इसके साथ ही हरक सिंह रावत, स्वयं और अपने बेटे का न्यायालय की निगरानी में डीएनए परीक्षण कराने तथा पुराने जांच रिकॉर्ड जब्त करने का अनुरोध किया है.
गुवाहाटी के जिस महिला थाने में हरक सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है वहां की इंस्पेक्टर ने कहा कि-
हमें पीड़ित महिला की शिकायत मिली है. हमने 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. आगे की कार्रवाई चल रही है.
-इंस्पेक्टर, महिला थाना, गुवाहाटी, असम-
2003 का है असम महिला उत्पीड़न मामला: गौरतलब है कि वर्ष 2003 में असम महिला प्रकरण के चलते हरक सिंह रावत को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था. उस समय मामले की सीबीआई जांच हुई थी और डीएनए रिपोर्ट में मेल नहीं मिलने के बाद उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी. अब महिला ने पुरानी जांच पर सवाल उठाते हुए दोबारा कार्रवाई की मांग की है. करीब 23 साल पुराने इस मामले में असम में 21 धाराओं में एफआईआर दर्ज होने के बाद उत्तराखंड की राजनीति में भी हलचल बढ़ने की संभावना है.
The post असम महिला मामले में हरक सिंह के खिलाफ 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज, कांग्रेस लीडर की बढ़ी मुश्किल appeared first on Uttarakhand Tak.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0