एनसीआरटीसी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और आईआईटी के छात्रों को नमो भारत की टैक्नालॉजी से कराया परिचित
Ghaziabad News: भारत सरकार की ‘रिफॉर्म उत्सव’ पहल के तहत एनसीआरटीसी ने छात्रों को नमो भारत की टैक्नालॉजी से परिचित कराने के लिए आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें आईआईटी और अन्य संस्थानों के छात्रों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भाग लेकर नमो भारत प्रणाली, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और महिला नेतृत्व में विकास की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम भारत सरकार की ‘रिफॉर्म उत्सव’ पहल के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को नमो भारत प्रणाली के परिचालन, इसकी प्रमुख विशेषताओं, इसके सकारात्मक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और आवश्यक यात्रा दिशा-निर्देशों से परिचित कराना था। प्रतिभागियों ने भारत की प्रथम सेमी-हाई-स्पीड क्षेत्रीय रेल प्रणाली के परिचालन संबंधी जानकारी प्रत्यक्ष प्राप्त की। उन्होंने नमो भारत स्टेशन पर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी का अनुभव किया जहां ट्रैवलेटर युक्त फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) भारतीय रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और मेट्रो स्टेशन को आपस में निर्बाध रूप से जोड़ता है।
प्रणालियों और प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी
इंटरैक्टिव चर्चा और स्टेशन के गाइडेड टूर के माध्यम से, एनसीआरटीसी की टीम ने प्रतिभागियों को उन प्रणालियों और प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी। जो नमो भारत में सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करती हैं। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार महिलाएं इस परिवर्तन का नेतृत्व कर रही हैं। ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोलर और विभिन्न अन्य महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारियां एक बड़ी संख्या में महिलाएं कुशलतापूर्वक संभाल रही हैं। प्रतिभागियों ने महिलाओं के लिए समर्पित कोच और सभी यात्रियों की सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एनसीआरटीसी द्वारा किए गए अन्य उपायों की सराहना की।
नमो भारत नेटवर्क में विशेष रुचि दिखाई
प्रतिभागियों ने नमो भारत नेटवर्क में विशेष रुचि दिखाई और एक डेडिकेटेड क्षेत्रीय कम्यूटर रेल प्रणाली की जरूरत, कनेक्टिविटी एवं गतिशीलता पर इसके प्रभाव तथा भविष्य में प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। एनसीआरटीसी की टीम ने उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए इस पहल के पीछे की परिकल्पना तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आधुनिक, कुशल और एकीकृत क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क विकसित करने में इसकी भूमिका के बारे में परिचित कराया।
एआई-इनेबल्ड लगेज स्कैनर के बारे में जानकारी दी
सुरक्षा अधिकारियों और स्टेशन प्रभारी ने प्रतिभागियों को नमो भारत स्टेशनों की उन्नत सुरक्षा व्यवस्थाओं से भी परिचित कराया। उन्हें डुअल-व्यू एक्स-रे बैगेज निरीक्षण प्रणाली से लैस एआई-इनेबल्ड लगेज स्कैनर के बारे में बताया गया, जो यात्रियों के सामान की अधिक प्रभावी सुरक्षा जांच सुनिश्चित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान नमो भारत प्रणाली में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए विभिन्न प्रावधानों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
ऐसी पहलों के माध्यम से एनसीआरटीसी छात्रों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य स्टेकहोल्डर्स को आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार में निहित तकनीक, परिचालन प्रणालियों और यात्री-केंद्रित सुविधाओं को करीब से समझने का अवसर प्रदान कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0