सर्वाइकल कैंसर से लाखों किशोरियों को मिलेगी सुरक्षा: उत्तराखंड में भी HPV टीकाकरण की शुरुआत

Feb 28, 2026 - 18:30
 129  4.7k
सर्वाइकल कैंसर से लाखों किशोरियों को मिलेगी सुरक्षा: उत्तराखंड में भी HPV टीकाकरण की शुरुआत

रैबार डेस्क: देशभर में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरुकता और रोकथाम के लिए एक नेक पहल शुरू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर में 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उत्तराखंड में भी देहरादून और हल्दावानी में HPV  टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में और राज्यपाल ले.ज.गुरमीत सिंह ने देहरादून के गांधी शताब्दी अस्पताल में अभियान की शुरुआत की।

इस दौरान गर्द्वानी मेडिकल कॉलेज में सीएम धामी ने एचपीवी टीकाकरण कक्ष का भी निरीक्षण किया और वैक्सीनेशन के लिए आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से भी वार्ता की एवं उन्हें इस टीके के लाभ के बारे में अवगत कराया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह अभियान स्वास्थ्य कार्यक्रम होने के साथ मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। भारत में इस गंभीर बीमारी से वर्ष 2024 में ही 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिसके कारण 42 हजार से अधिक महिलाओं की दुःखद मृत्यु हुई। यह बीमारी हजारों परिवारों के लिए पीड़ा का कारण बन रही है। इसी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया, ताकि इस बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके और आने वाली पीढ़ी को एक सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके।

उत्तराखंड में 155 केंद्रों पर होगा वैक्सीनेशन

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान के अजमेर से प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए इस अभियान के अंतर्गत देशभर में 14 वर्ष की लगभग 1 करोड़ 15 लाख से अधिक किशोरियों को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में भी इस अभियान के प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है ताकि कोल्ड-चेन व्यवस्था मजबूत हो।

देहरादून में भी हुआ किशोरियों का वैक्सीनेशन

देहरादून के गांधी शताब्दी अस्पताल में राज्यपाल ले.ज. (से.नि.) गुरमीत सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के साथ सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान किशोरियों का वैक्सीनेशन किया गया। राज्यपाल ने उनसे बातचीत भी की।

राज्यपाल ने कहा कि यह कार्यक्रम किशोरियों और युवतियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में एक निर्णायक कदम है। निवारक स्वास्थ्य सेवा राष्ट्र निर्माण का अभिन्न अंग है और एचपीवी के खिलाफ टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक का सक्रिय और वैज्ञानिक रूप से समर्थित तरीके से समाधान करता है। महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत करना परिवारों और समुदायों को मजबूत करने के लिए मूलभूत है। यह अभियान स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच में गरिमा, सुरक्षा और समान अवसर के प्रति व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

The post सर्वाइकल कैंसर से लाखों किशोरियों को मिलेगी सुरक्षा: उत्तराखंड में भी HPV टीकाकरण की शुरुआत appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0