एलएलआरएम मेडिकल कालेज में हीमोफीलिया के मरीज का कूल्हा प्रत्यारोपण

Aug 2, 2026 - 18:30
 135  5.3k
एलएलआरएम मेडिकल कालेज में हीमोफीलिया के मरीज का कूल्हा प्रत्यारोपण

Meerut LLRM : मेरठ के एलएलआरएम मेडिकल कालेज में हीमोफीलिया से पीड़ित मरीजा का सफल ऑपरेशन चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया। दयानतपुर, जनपद हापुड़ निवासी महेश के बाएं कूल्हे (हिप) में अत्यधिक दर्द की स्थिति में देवनंदिनी हॉस्पिटल, हापुड़ से एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, के अस्थि रोग विभाग में रेफर किया गया था। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच एवं आवश्यक तैयारियों के उपरांत मरीज का बाइपोलर हेमीआर्थ्रोप्लास्टी ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन अत्यंत चुनौतीपूर्ण था क्योंकि हीमोफीलिया के मरीजों में रक्त का थक्का बनने में कठिनाई होती है। जिससे ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव का खतरा रहता है।
उप प्राचार्य ज्ञानेंद्र टोंक ने किया नेतृत्व
ऑपरेशन टीम का नेतृत्व मेडिकल कॉलेज के उप-प्राचार्य एवं हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक, के साथ डॉ. सुमित अग्रवाल, डॉ. सनव्वर अली एवं उनकी अनुभवी ऑर्थोपेडिक टीम तथा एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश मणिक व डॉ. प्रमोद चंद एवं उनकी अनुभवी टीम ने संयुक्त रूप से किया। ऑपरेशन से पूर्व हीमैटोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. नेहा सिंह (रक्त आधान चिकित्सा विभाग) की सलाह के अनुसार आवश्यक फैक्टर रिप्लेसमेंट थेरेपी (Factor Replacement Therapy) उचित मात्रा में उपलब्ध कराई गई, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
निजी अस्पतालों की तुलना में बहुत कम खर्च पर इलाज
उल्लेखनीय है कि मरीज का यह जटिल ऑपरेशन निजी अस्पतालों की तुलना में बहुत ही कम खर्च पर सरकारी संस्थान में सफलतापूर्वक किया गया, जिससे मरीज और उसके परिजनों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधाएं किफायती दर पर उपलब्ध हो सकीं। चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर है तथा वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है। मरीज ऑपरेशन के परिणाम से संतुष्ट है और शीघ्र ही फिजियोथेरेपी के माध्यम से सामान्य जीवन की ओर लौटने की दिशा में अग्रसर है।
ऑपरेशन विशेष सावधानी और आधुनिक तकनीक से किया

डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक ने कहा कि हीमोफीलिया से ग्रसित मरीजों का किसी भी प्रकार का ऑपरेशन विशेष सावधानी, आधुनिक तकनीक तथा बहु-विषयक (Multidisciplinary) टीम के समन्वय से ही सफलतापूर्वक किया जा सकता है। यह सफल ऑपरेशन एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ के अस्थि रोग विभाग की उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं, विशेषज्ञता एवं टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0