ऑनलाइन नकली दवा बेचने वाले अर्न्तराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, कोटद्वार में फैक्ट्री सील, दो आरोपी गिरफ्तार

May 23, 2026 - 00:30
 167  3.7k
ऑनलाइन नकली दवा बेचने वाले अर्न्तराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, कोटद्वार में फैक्ट्री सील, दो आरोपी गिरफ्तार

रैबार डेस्क: उत्तराखंड एसटीएफ ने ऑनलाइन नकली जीवन रक्षक दवाओं की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ऑपरेशन फेक पिल के तहत की गई कार्रवाई में एसटीएफ ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां बेच रहे थे। जबकि कोटद्वार के सिगड्डी में ग्रोथ सेंटर में चल रहे नकली दवा की फैक्ट्री को सील किया है।

एसटीएफ ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ संगठित अपराध, धोखाधड़ी, जालसाजी, कॉपीराइट उल्लंघन, आईटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संभल उत्तर प्रदेश निवासी जतिन सैनी और जीएमएस रोड देहरादून निवासी गौरव त्यागी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गौरव त्यागी के खिलाफ पहले भी हरिद्वार, देहरादून और महाराष्ट्र में नकली दवाओं से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

ऐसे काम करता था गिरोह

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जांच के दौरान एसके हेल्थ केयर नामक फेसबुक पेज के जरिये Sun Pharma, Glenmark, Zydus, Mankind, Torrent और Macleods जैसी कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां आधे से कम दाम में बेची जा रही थीं। गिरोह उत्तराखंड समेत बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में सक्रिय था। जांच में सामने आया कि आरोपित ब्रांडेड कंपनियों की पैकिंग की हूबहू नकल कर नकली दवाइयां तैयार करते थे और उन्हें ऑनलाइन बेचते थे। कई दवा विक्रेता भी अधिक मुनाफे के लालच में इन दवाओं को खरीदकर बाजार में असली कीमत पर बेच रहे थे। लैब जांच में दवाइयां फेल पाई गईं, जिससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। पूछताछ में गौरव त्यागी ने खुलासा किया कि रुड़की में उसकी नकली दवा फैक्ट्री पहले भी पकड़ी जा चुकी है। फिलहाल वह भगवानपुर हरिद्वार और कोटद्वार में अलग-अलग स्थानों पर नकली दवाइयों का निर्माण करा रहा था।

कोटद्वार में फैक्ट्री सील

एसटीएफ की छापेमारी में सिगड्डी क्षेत्र में ग्रोथ सेंटर में नकली दवाओं की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी जिसे फौरन सील कर दिया गया है। एसटीएफ की टीम ने स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में नकली औषधियों के निर्माण में संलिप्तता की सूचना पर कोटद्वार पहुंची। टीम ने ग्रोथ सेंटर सिगड्डी स्थित एक दवा फैक्टरी में छापा मारा। टीम अपने साथ फैक्टरी में मिली दवाइयों के सैंपल व दवाइयां बनाने की डाई को अपने साथ ले गई है। साथ ही फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी गौरव त्यागी ने पूछताछ में बताया कि कोटद्वार स्थित फैक्ट्री को केवल नकली दवा बनाते समय ही खोला जाता था।

गिरफ्तार का विवरण-

   1-जतिन सैनी पुत्र कैलाश निवासी बेगम सराय जिला सम्भल उत्तरप्रदेश।

   2-गौरव त्यागी पुत्र जीवन त्यागी निवासी साईं लोक जीएमएस रोड देहरादून मूलपता खरखौदा मेरठ।

The post ऑनलाइन नकली दवा बेचने वाले अर्न्तराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, कोटद्वार में फैक्ट्री सील, दो आरोपी गिरफ्तार appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0