केदारताल में लापता आठ लोगों की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार की हवाई रेकी

Nov 2, 2026 - 18:30
 152  2.4k
केदारताल में लापता आठ लोगों की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार की हवाई रेकी
  • सात ट्रैकर्स और एक गाइड का अब तक नहीं मिला सुराग
  • बर्फबारी और खराब परिस्थितियों से सर्च अभियान में मुश्किल

देहरादून। उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अत्यधिक बर्फबारी और विषम मौसम के चलते तलाशी अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। ऐसे में एसडीआरएफ ने हेलीकॉप्टर की मदद से केदारताल क्षेत्र की दो बार हवाई रेकी की, लेकिन लापता लोगों या उनके टेंट का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल पाया।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष पर्वतारोहण टीम को अभियान में लगाया गया है। इससे पहले एसडीआरएफ की गंगोत्री टीम के जवान केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर रेकी कर चुके हैं, लेकिन भारी बर्फबारी और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान आगे नहीं बढ़ाया जा सका।

इसके बाद हेलीकॉप्टर से हवाई तलाश का निर्णय लिया गया। एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए केदारताल क्षेत्र की दो बार सघन हवाई रेकी की गई। हालांकि इस दौरान लापता ट्रैकर्स और गाइड के साथ ही उनके टेंट का भी कोई स्पष्ट दृश्य संकेत नहीं मिला।

एसडीआरएफ ने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए वाहिनी मुख्यालय से एक अतिरिक्त टीम आवश्यक बचाव और पर्वतारोहण उपकरणों के साथ रवाना की है। मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां अनुकूल होने पर यह टीम सर्च अभियान में जुटेगी। फिलहाल एसडीआरएफ अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगे की रणनीति तैयार कर रही है।

दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के बीच आठ लोगों की तलाश चुनौती बनी हुई है। अब अभियान की अगली दिशा मौसम और क्षेत्र में पहुंचने की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0