गधे घोड़े वाले बयान पर BJP में घमासान, मंत्री बहुगुणा की मीडिया प्रभारी मनवीर को नसीहत, सोच समझकर बोलें

Oct 14, 2026 - 18:30
 120  3k
गधे घोड़े वाले बयान पर BJP में घमासान, मंत्री बहुगुणा की मीडिया प्रभारी मनवीर को नसीहत, सोच समझकर बोलें

रैबार डेस्क:  2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के  भीतर मीडिया प्रभारी के एक बयान से हलचल मच गई है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कांग्रेस से बीजेपी में आए नेताओं को लेकर गधे-घोड़ों वाली टिप्पणी की, लेकिन अब सवाल बीजेपी के अंदर ही उठ रहे हैं। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उन्हें सोच-समझकर बयान देने की नसीहत दी है।

दरअसल राहुल गांधी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया था कि उनका आंदोलन शिवजी की बारात की तरह है जिसमें कोई भी शामिल हो सकता है, यहां तक कि गधे घोड़े भी। इसी बयान पर जब उत्तराखंड बीजेपी के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान से सवाल पूछा गया तो उनके जवाब ने सियासत गरमा दी। मनवीर ने कांग्रेस से बीजेपी में आए नेताओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस में रहते हुए जो नेता गधे-घोड़ों की श्रेणी में थे, वे बीजेपी में आने के बाद बेहतर विचारधारा वाले बन गए हैं।

छोटे नेताओं तक तो ठीक था, लेकिन विवाद में नया मोड़ तब आया जब कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने इस मामले में एंट्री ले ली। बहुगुणा ने अपने ही पार्टी के मीडिया प्रभारी को नसीहत देते हुए कहा कि जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को सोच-समझकर बयान देना चाहिए और विवादित टिप्पणियों से बचना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के इस आंतरिक मामले का संज्ञान प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को लेना चाहिए।

दलबदल का लंबा इतिहास

उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आने वालों का सिलसिला लंबे समय से चला आ रहा है। 2014 में सतपाल महाराज बीजेपी में शामिल हुए। इसके बाद मार्च 2016 में एकसाथ कांग्रेस के 11 बागी विधायक भाजपा में आए। पिछले दो चुनावों में भी भाजपा में आने वालों का सिलसिला जारी रहा। दिलचस्प बात ये है कि धामी कैबिनेट में कांग्रेस बैकग्राउंड के सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या जैसे  तमाम बड़े नाम काबिज हैं। सौरभ बहुगुणा के पिता, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। ऐसे में मनवीर चौहान का बयान अब बीजेपी के लिए ही असहज स्थिति पैदा कर सकता है।

The post गधे घोड़े वाले बयान पर BJP में घमासान, मंत्री बहुगुणा की मीडिया प्रभारी मनवीर को नसीहत, सोच समझकर बोलें appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0