त्योहारों पर नहीं मिलेगी छुट्टी! कुंभ के काम प्रभावित होने की चिंता

Oct 10, 2026 - 18:30
 108  16.9k
त्योहारों पर नहीं मिलेगी छुट्टी! कुंभ के काम प्रभावित होने की चिंता

हरिद्वार: आगामी त्योहारी सीजन में निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के छुट्टी पर जाने से कुंभ मेले की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका है. इसे देखते हुए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने चिंता जताते हुए अधिकारियों को श्रमिकों की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की कमी के कारण निर्माण कार्यों की रफ्तार धीमी नहीं पड़नी चाहिए. इसके साथ ही गंग नहर की प्रस्तावित बंदी के दौरान घाटों के निर्माण कार्य तेजी से पूरे करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और दिन रात काम कराने पर जोर दिया.
20 अक्टूबर दशहरे वाले दिन यूपी सिंचाई विभाग की ओर से गंगनहर बंद की जाएगी और दिवाली वाले दिन फिर से पानी छोड़ा जाएगा. बता दें कि शुक्रवार शाम मेला नियंत्रण भवन के सीसीआर सभागार में गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की बैठक हुई. इसमें विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई.
वहीं मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है. गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि कुंभ के लिए चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाने जरूरी हैं. इसके लिए कार्यदायी संस्थाएं श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें.
आगामी त्योहारों के दौरान श्रमिकों के अपने घर जाने से निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका पर विशेष चर्चा हुई. उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्थाएं पहले से ही श्रमिकों की उपलब्धता का आकलन कर लें. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान भी निर्माण कार्यों की गति बनी रहे. उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान करें.
कुंभ मेले के बहुत से नए कार्य होने हैं, उन कार्यों को सैंक्शन करने के लिए बैठक बुलाई गई थी. बैठक में पहले से चल रहे कुंभ मेले के निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की गई है. सभी विभागों और कार्यदाई संस्थाओं को तय समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं. सभी ने निर्धारित टाइमलाइन के अंतर्गत निर्माण कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने बताया कि त्योहारों पर अक्सर मजदूर अपने घर चले जाते हैं, इसलिए सभी को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं. दिन और रात के शिफ्ट में भी निर्माण कार्य चलेंगे और तय समय पर सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे.
-आनंद स्वरूप, गढ़वाल कमिश्नर-
20 अक्टूबर से होने वाली गंग नहर की क्लोजर अवधि को कुंभ की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए मंडलायुक्त ने घाटों के निर्माण के लिए पहले से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नहर बंद होने के दौरान उपलब्ध समय का अधिकतम उपयोग किया जाए. निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की तैनाती पहले से सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि काम शुरू होने के बाद संसाधनों की कमी से समय बर्बाद न हो. निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए जरूरत के अनुसार दिन रात काम कराया जाए.

The post त्योहारों पर नहीं मिलेगी छुट्टी! कुंभ के काम प्रभावित होने की चिंता appeared first on .

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0