सीएम योगी की मां के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Nov 21, 2026 - 09:30
 132  1.3k
सीएम योगी की मां के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हरिद्वार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार की तैयारी में प्रशासन जुटा हुआ है.

हरिद्वार (उत्तराखंड): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा. 91 वर्षीय सावित्री देवी ने शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी. मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम पंचूर पहुंचे और मां के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी.

पंचूर गांव का पैतृक घाट हरिद्वार में है. गांव की परंपरा के अनुसार सावित्री देवी का अंतिम संस्कार भी हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर गंगा किनारे ही किया जाएगा. आज पंचूर से पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से हरिद्वार के लिए रवाना किया जाएगा. अंतिम यात्रा लक्ष्मणझूला कांडी मोटर मार्ग से बैराज होते हुए चंडी घाट पहुंचेगी. यहां नीलधारा गंगा के तट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा.

सावित्री देवी की अंत्येष्टि को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने चंडी घाट पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं. शनिवार सुबह करीब 10 बजे अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे. उनके पहुंचने को देखते हुए चंडी घाट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. बाकायदा टेंट लगाकर वीआईपी लोगों के बैठने की व्यवस्था पंडाल में की गई है.

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और संत समाज के लोग शामिल हो सकते हैं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की जानकारी है. उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की संभावना है. पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण भी सुबह नमामि गंगे घाट पहुंचे.

उन्होंने योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर शोक व्यक्त किया. सावित्री देवी के निधन की खबर के बाद पंचूर गांव में शोक का माहौल है. नाते रिश्तेदारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों का उनके पैतृक आवास पर पहुंचना जारी है. शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए थे. उन्होंने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ देर तक मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े रहे.

इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर मां के साथ तस्वीर साझा करते हुए संक्षिप्त संदेश लिखा था कि मां ॐ शांति.सावित्री देवी के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने शोक जताया है. शनिवार को हरिद्वार में होने वाली अंत्येष्टि के दौरान राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजसेवी और स्थानीय लोग भी श्रद्धांजलि देने पहुंच सकते हैं.

The post सीएम योगी की मां के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम appeared first on Uttarakhand Tak.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0