दिल्ली के स्कूलों में हर 500 बच्चों पर होगा एक काउंसलर, 24 घंटे हेल्पलाइन भी शुरू; CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च की EHSAAS पॉलिसी

Nov 20, 2026 - 00:30
 125  3k
दिल्ली के स्कूलों में हर 500 बच्चों पर होगा एक काउंसलर, 24 घंटे हेल्पलाइन भी शुरू; CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च की EHSAAS पॉलिसी

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों की मानसिक सेहत को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने EHSAAS 2026 Mental Health & Well-Being Policy की शुरुआत की। इस मौके पर उपराज्यपाल, आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। इस नीति का मकसद बच्चों और युवाओं में तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं की शुरुआती पहचान कर उन्हें समय पर मदद उपलब्ध कराना है।

नीति के तहत स्कूलों में हर 500 विद्यार्थियों पर एक काउंसलर नियुक्त करने का प्रावधान है। वहीं, उच्च शिक्षण संस्थानों में हर 100 विद्यार्थियों पर एक काउंसलर की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 24 घंटे सक्रिय रहने वाली मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू करने की भी घोषणा की गई है। यह नीति सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ-साथ कॉलेजों में भी लागू होगी।

स्कूलों में बनेगी वेलनेस कमेटी, शिक्षकों को भी मिलेगी ट्रेनिंग

EHSAAS पॉलिसी के तहत प्रत्येक स्कूल में स्कूल वेल-बीइंग कमेटी और वेलनेस टीम गठित की जाएगी। शिक्षकों, प्रिंसिपल और अन्य कर्मचारियों के साथ स्कूल बस के ड्राइवरों तथा कंडक्टरों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें बच्चों के व्यवहार में बदलाव और भावनात्मक परेशानी के शुरुआती संकेत पहचानने के लिए तैयार किया जाएगा।

विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति का समय-समय पर आकलन होगा। जरूरत पड़ने पर उन्हें काउंसलिंग और विशेषज्ञों की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्कूलों में बुलिंग और साइबर बुलिंग की घटनाओं को रोकने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यार्थी बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

आत्महत्या और खुद को नुकसान पहुंचाने से बचाने पर विशेष जोर

नीति में बच्चों को आत्महत्या और खुद को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं से बचाने के लिए छह स्तरों वाली सहायता व्यवस्था तैयार की गई है। गंभीर स्थिति में विद्यार्थियों को जिला वेलनेस सेंटर, अस्पताल और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से जोड़ा जाएगा। किसी संकट से बाहर आने के बाद भी बच्चों की नियमित निगरानी और फॉलोअप किया जाएगा, ताकि उनकी स्थिति में सुधार सुनिश्चित हो सके।

इसके अलावा स्कूलों को हर तीन महीने में अपनी वेलनेस सेवाओं की रिपोर्ट देनी होगी। डिजिटल पोर्टल के माध्यम से इन सेवाओं की निगरानी की जाएगी। सरकार का लक्ष्य पढ़ाई और परीक्षा के दबाव को कम करने के साथ बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता पैदा करना है।

फरीदाबाद की घटना का जिक्र कर CM ने बताई जरूरत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नीति की शुरुआत के दौरान बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को गंभीरता से लेने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने फरीदाबाद की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें आठ साल के बच्चे पर छह साल की बच्ची को पत्थर से नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप था। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित बच्चे के मानसिक रूप से परेशान होने की जानकारी सामने आई थी।

रेखा गुप्ता के मुताबिक, मानसिक परेशानी से जूझ रहे बच्चों की समय रहते पहचान और उन्हें उचित सहायता देना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि EHSAAS पॉलिसी ऐसे बच्चों की मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए दिल्ली की जनता और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बधाई भी दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0