‘विकसित भारत का पहला पड़ाव होगा उत्तराखंड’, अमित शाह ने धामी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां; 1,475 करोड़ की 62 परियोजनाओं की सौगात

Nov 6, 2026 - 18:30
 149  3.7k
‘विकसित भारत का पहला पड़ाव होगा उत्तराखंड’, अमित शाह ने धामी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां; 1,475 करोड़ की 62 परियोजनाओं की सौगात

देहरादून: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य को 1,475 करोड़ रुपये की 62 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया। अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की यात्रा में उत्तराखंड पहला पड़ाव बनने जा रहा है।

अटल जी ने बनाया उत्तराखंड, मोदी सरकार संवार रही राज्य: शाह

देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण कर आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा किया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य को विकसित बनाने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्योत्सव को गौरव, सिद्धि और संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य के गठन पर गौरव है, विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सिद्धि का प्रतीक हैं और सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यावरण का संरक्षण भविष्य का संकल्प है।

उत्तराखंड की जीएसडीपी में 50 फीसदी की बढ़ोतरी का दावा

अमित शाह ने धामी सरकार के कार्यकाल में राज्य की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में उत्तराखंड के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन के दौरान राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को धरातल पर उतारा जा चुका है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास की चुनौतियों के बावजूद उत्तराखंड ने कम समय में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

यूसीसी और नकल विरोधी कानून का किया जिक्र

केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य ने देश में सबसे पहले इसे लागू किया और अब 15 अन्य राज्य भी अपने यहां इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

अमित शाह ने नकल विरोधी कानून की भी सराहना की। उन्होंने दावा किया कि इस कानून के लागू होने के बाद बिना सिफारिश और अतिरिक्त खर्च के 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किए जाने का भी उल्लेख किया।

चारधाम सड़क, रेल और रोपवे परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर

अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में कई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं विकास को गति दे रही हैं। इनमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन, टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन और केदारनाथ व हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा सौंग, जमरानी और किसाऊ बांध जैसी परियोजनाओं को भी राज्य के विकास के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश में संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

महिलाओं और पूर्व सैनिकों के लिए उठाए गए कदम गिनाए

गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक लखपति दीदियां हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों होम स्टे संचालित हो रहे हैं। शहीद सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि भी 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही किच्छा में एम्स के उपग्रह केंद्र का निर्माण और सीमावर्ती क्षेत्रों के 51 गांवों को जीवंत गांव के रूप में विकसित करने की पहल का जिक्र किया।

सीमावर्ती इलाकों में विकास और सुरक्षा पर भी जोर

अमित शाह ने कहा कि पहले की सरकारों ने चीन के डर से उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब सीमावर्ती इलाकों तक सड़कों का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा को लेकर दृढ़ है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

हस्तियों और प्रतिभाओं को किया सम्मानित

राज्योत्सव कार्यक्रम में अमित शाह ने उत्तराखंड फिल्म नीति के तहत घोषित जीवनपर्यंत उपलब्धि पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा विभिन्न हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान और साहस दिखाने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके शौर्य, संस्कृति और परंपराओं से है। नई पीढ़ी को वीरांगना तीलू रौतेली, माधो सिंह भंडारी, दरबान सिंह नेगी, गबर सिंह नेगी, चंद्र सिंह गढ़वाली और जनरल बिपिन रावत जैसे व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0