पति ने साथियों संग मिलकर की पत्नी की हत्या, फांसी का रूप देने की कोशिश बेनकाब

Apr 4, 2026 - 18:30
 148  122.7k
पति ने साथियों संग मिलकर की पत्नी की हत्या, फांसी का रूप देने की कोशिश बेनकाब

जिले के देहात थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत को आत्महत्या बताने की साजिश पुलिस जांच में बेनकाब हो गई। पति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पत्नी प्रियंका प्रजापति की गला दबाकर हत्या की और शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आ गई। जानकारी के अनुसार ग्राम मानपुरा में 30 मार्च को प्रियंका प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया और मायके वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों को घटना संदिग्ध लगी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और एफएसएल टीम से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। प्रारंभिक जांच में ही कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे आत्महत्या की कहानी पर संदेह गहराने लगा। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल करते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।

गला दबाकर हत्या कर दी
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि मृतका के पति रामवरन प्रजापति ने अपने साथियों आकाश और पुनीत जोशी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को घर के आंगन में फंदे पर लटकाया, ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो। हालांकि बाद में स्थिति बिगड़ती देख शव को नीचे उतार दिया और तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया था
पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश तेज की और मानपुरा के पास चरख रोड से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया था। फिलहाल पुलिस ने रामवरन प्रजापति, आकाश और पुनीत जोशी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0