राजस्थान में दर्दनाक हादसा: सड़क निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई मशीन, 8 मजदूरों की मौत की सूचना
झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली में सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क पर काम करते समय रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि तीन से चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार है।
11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकराई मशीन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापोली में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से वहां काम कर रहे मजदूर भी इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण, अधिकारी रवाना
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। झुंझुनूं के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके के लिए रवाना हो गए। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य और हादसे की परिस्थितियों का जायजा लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए जांच के निर्देश
हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घटना की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अशोक गहलोत ने हादसे की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0