हरिद्वार में अमित शाह के दौरे की तैयारी तेज, बैरागी कैंप में सीएम धामी ने किया ग्राउंड इंस्पेक्शन
पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप पहुंचकर 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
व्यवस्थाएं हों चाक-चौबंद, सुरक्षा में न हो कोई चूक
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखंड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

सीएम धामी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश भी दिए।
यातायात प्रबंधन पर विशेष फोकस, जाम की स्थिति न बने
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में अनुशासन, पारदर्शिता और सुचारू संचालन सर्वोपरि है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पुलिस को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और यातायात सुचारू बना रहे, ताकि आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने दी तैयारियों की विस्तृत जानकारी
निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात प्रबंधन और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर विस्तार से प्रस्तुति दी।
इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, हरिद्वार की मेयर किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गैहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0