CM योगी ने छठ महापर्व पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

Nov 15, 2026 - 09:30
 106  623
CM योगी ने छठ महापर्व पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

लखनऊ : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक आस्था, सूर्योपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के महापर्व छठ के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी के सुख, आरोग्य, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की है। अपने सन्देश में योगी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय लोक संस्कृति की आस्था, श्रद्धा, तप, त्याग और अनुशासन का अनुपम पर्व है। भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया के प्रति अटूट श्रद्धा से जुड़ा यह महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परम्परा का प्रतीक है। व्रती माताओं और बहनों की कठिन साधना, पवित्रता तथा नियम-निष्ठा इस पर्व को विशिष्ट बनाती है। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर उदीयमान सूर्य की आराधना तक, छठ महापर्व जीवन में निरन्तरता, कृतज्ञता और सकारात्मकता का सन्देश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति और मानव के आत्मीय सम्बन्ध का उत्सव है। सूर्य, जल और धरती के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने वाली यह परम्परा हमें प्रकृति के संरक्षण और उसके प्रति कृतज्ञ रहने की प्रेरणा देती है। यह पर्व परिवारों को एक सूत्र में बांधता है और समाज में सेवा, सहयोग, समरसता तथा सामूहिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करता है। छठ महापर्व की प्रसन्नता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे, यह हम सभी का दायित्व है। अपने आसपास के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनें और जरूरतमन्द परिवारों की सहायता कर उनके जीवन में भी उल्लास का संचार करें। घाटों, जलाशयों और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ पर्व मनाना हमारी लोक परम्परा की गरिमा को और बढ़ाएगा।

योगी ने कहा कि प्रदेश में छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता के लिए घाटों एवं प्रमुख जलाशयों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्व को श्रद्धा, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। योगी ने कामना की कि भगवान सूर्य और छठी मैया की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख, शान्ति और समृद्धि का वास हो तथा प्रदेश में लोकमंगल, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना निरन्तर सुदृढ़ होती रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0