भीषण हादसा: कार की टक्कर से कई बार पलटा 12 सवारियों से भरा ऑटो, एक महिला की मौत, दूसरा का कटा पैर

Nov 3, 2026 - 18:30
 152  2.3k
भीषण हादसा: कार की टक्कर से कई बार पलटा 12 सवारियों से भरा ऑटो, एक महिला की मौत, दूसरा का कटा पैर

रामनगर में सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला का पैर एड़ी के पास से कट गया.

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलट गया. हादसे में 50 वर्षीय महिला रुखसाना की मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय चांदनी का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया. हादसे में ऑटो में सवार अन्य लोग भी घायल हुए हैं. ऑटो में करीब 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं.

बीते देर रात रामनगर के खताड़ी निवासी रुखसाना अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ऑटो संख्या UK18TA-1804 में सवार होकर पीरूमदारा स्थित बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं, इसी दौरान चिल्किया के पास राइस मिल के नजदीक पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया,हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. मृतका के बेटे नासिर ने बताया कि उनकी मां 50 वर्षीय रुखसाना परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शादी में शामिल होने जा रही थीं, ऑटो में छोटे-छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार थे.

नासिर के मुताबिक, कार ने पीछे से ऑटो को टक्कर मारी और कार चालक मौके से फरार हो गया. उन्होंने बताया कि ऑटो कई बार पलटा, जिससे उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल लाया गया, इनमें दो की हालत काफी गंभीर है. एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद न्यूरोसर्जन के पास भेजा गया है. वहीं चांदनी नाम की महिला का पैर एड़ी के पास से लगभग पूरी तरह अलग हो गया है. पैर को बचाने के प्रयास में उसे नसों को जोड़ने के लिए प्लास्टिक सर्जन के पास भेजा जा रहा है. अन्य तीन घायलों को फ्रैक्चर हैं, जिनका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है.

कुछ अन्य घायलों का दूसरे अस्पतालों में भी इलाज चल रहा है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और सड़कों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऑटो में करीब 12 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है, जो क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की ओर इशारा करती है. वहीं महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायलों का उपचार जारी है. वहीं रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे है और नियामानुसार कार्रवाई की जाएगी.

The post भीषण हादसा: कार की टक्कर से कई बार पलटा 12 सवारियों से भरा ऑटो, एक महिला की मौत, दूसरा का कटा पैर appeared first on Uttarakhand Tak.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0