SMS इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरियल फाउंडेशन को आईटी पॉलिसी 2022 के तहत मान्यता
लखनऊ : स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (SMS), लखनऊ की पहल SMS इनक्यूबेशन और उद्यमिता फ़ाउंडेशन (SIEF) को उत्तर प्रदेश सरकार की आईटी पॉलिसी 2022-यूपी स्टार्टअप पालिसी के अंतर्गत मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर के रूप में अनुमोदित कर स्टार्टअप पोर्टल पर सक्रिय किया गया है। SIEF को प्रदेश में हाल ही में अनुमोदित 12 अतिरिक्त इन्क्यूबेटरों में शामिल किया गया है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि नीति कार्यान्वयन इकाई (PIU) की 22 जून 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय एवं अनुमोदन के पश्चात प्राप्त हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा SIEF की मान्यता के संबंध में जारी आधिकारिक सूचना में पुष्टि की गई है कि इन्क्यूबेटर को स्टार्टअप पोर्टल पर मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर के रूप में स्वीकृत एवं सक्रिय कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित समारोह के दौरान प्रदेश में नवाचार एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में 24,000 से अधिक स्टार्टअप उत्तर प्रदेश की प्रगति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। सीएम ने यह भी बताया कि प्रदेश में 12 नए इन्क्यूबेटरों स्वीकृत एवं मान्यता से उनका योगदान भी प्रदेश के विकास में सराहनीय होगा। यह भी उल्लेखनीय है कि SIEF लखनऊ में स्ववित्तपोषित संस्थानों की श्रेणी में मान्यता प्राप्त करने वाला प्रथम चयनित इन्क्यूबेशन संस्थान है, जो स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज, लखनऊ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मान्यता प्राप्त होने के साथ SIEF अब स्टार्टअप पोर्टल पर उपलब्ध संबंधित सुविधाओं का उपयोग करते हुए पात्र स्टार्टअप्स एवं उद्यमियों के लिए नीति के अंतर्गत उपलब्ध लाभ, प्रोत्साहन, सहायता एवं योजनाओं से संबंधित पात्र आवेदन एवं प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकेगा। यह मान्यता SIEF को उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा युवा उद्यमियों को संस्थागत सहयोग प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

इस अवसर पर सचिव एवं सीईटो स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज शरद सिंह ने कहा कि SIEF को मिली यह मान्यता SMS तथा SIEF की नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रमाण है। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास विद्यार्थियों एवं युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें अपने नवीन विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए आवश्यक मंच और संसाधन उपलब्ध कराना है। SIEF की यह उपलब्धि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज, लखनऊ के लिए गौरव का विषय है और प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता, स्टार्टअप विकास तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रो. भरत राज सिंह, निदेशक, SIEF, ने कहा कि SIEF का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को एक ऐसा सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ उनके नवीन विचारों को मेंटोरशिप, तकनीकी मार्गदर्शन, व्यवसायिक परामर्श, इन्क्यूबेशन, नेटवर्किंग और सरकारी योजनाओं से जोड़कर व्यवहारिक एवं सफल उद्यमों में परिवर्तित किया जा सके। उन्होंने कहा कि SIEF केवल नए उद्यमों को प्रारंभ करने में सहयोग ही नहीं करेगा, बल्कि उन्हें प्रारंभिक चरण से लेकर व्यवसाय के विस्तार तक आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेगा।
प्रो. सिंह ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस मान्यता से SIEF की क्षमता के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारी भी बढ़ी है। आने वाले समय में SIEF इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप, स्टार्टअप्स, टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए उद्योग, शिक्षण संस्थानों, विशेषज्ञों, निवेशकों तथा सरकारी संस्थाओं के साथ व्यापक सहयोग विकसित करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि SIEF उत्तर प्रदेश में उभरती प्रतिभाओं और नवाचारों को अवसर प्रदान करने तथा प्रदेश को एक मजबूत और आत्मनिर्भर स्टार्टअप एवं उद्यमिता केंद्र के रूप में विकसित करने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0