UKSSSC पेपर लीक मामले में हाकम सिंह पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 63 लाख रुपए की प्रॉपर्टी अटैच

Aug 2, 2026 - 09:30
 157  3.6k
UKSSSC पेपर लीक मामले में  हाकम सिंह पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 63 लाख रुपए की प्रॉपर्टी अटैच

रैबार डेस्क: एक तरफ एंटी पेपर लीक बिल को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद देशभर में कड़ा कानून बन गया है। दूसरी तरफ उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा एक्शन लिया है। ईडी ने इस मामले के मुख्य आरोपी हाकम सिंह रावत की करीब 63.30 लाख रुपए की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है।

ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम यानी PMLA एक्ट के तहत की है। एजेंसी की मानें तो हाकम सिंह ने ये संपत्तियां पेपर लीक से अर्जित अवैध धन से खरीदी थीं। ईडी के मुताबिक जांच में सामने आया कि हाकम सिंह रावत ने आरएमएस टेक्नो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों, परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों और अन्य बिचौलियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से पेपर लीक सिंडिकेट संचालित किया। आरोप है कि लीक प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक मोटी रकम लेकर पहुंचाए गए, इसी अवैध कमाई का इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने में किया गया।

वित्तीय जांच में ईडी को पता चला कि हाकम सिंह रावत ने इस पूरे नेटवर्क के जरिए करीब 95 लाख रुपये की अवैध कमाई की। बैंक खातों की जांच में बड़ी मात्रा में नकद जमा होने के साक्ष्य मिले। एजेंसी के अनुसार इन पैसों को वैध दिखाने के लिए आयकर रिटर्न में कृषि आय दर्शाई गई, जांच में कृषि गतिविधि का दावा फर्जी पाया गया।

ईडी ने जांच के दौरान 14 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और छापेमारी के दौरान डिजिटल उपकरण, बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की। एजेंसी का कहना है कि जांच में हाकम सिंह के अलावा अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है।

The post UKSSSC पेपर लीक मामले में हाकम सिंह पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 63 लाख रुपए की प्रॉपर्टी अटैच appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0