हल्द्वानी के पत्रकारों में भी नाराजगी, न्यूज पोर्टलों की विज्ञापन दरों में बदलाव की उठी मांग

Aug 26, 2026 - 18:30
 115  3.6k
हल्द्वानी के पत्रकारों में भी नाराजगी, न्यूज पोर्टलों की विज्ञापन दरों में बदलाव की उठी मांग

उत्तराखंड में न्यूज पोर्टल संचालित करने वाले पत्रकारों के बीच सरकार की नई विज्ञापन दरों को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से अब इस व्यवस्था में संशोधन की मांग उठने लगी है। विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही पत्रकारों और डिजिटल मीडिया से जुड़े लोगों की नाराजगी सरकार के लिए चुनौती बन सकती है। विपक्षी दलों को भी इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से उठाने का अवसर मिल सकता है।

न्यूज पोर्टल संचालकों की यह नाराजगी मुख्य रूप से सूचना विभाग की ओर से निर्धारित की गई नई विज्ञापन दरों को लेकर है। पत्रकारों का कहना है कि डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और लगातार बढ़ती संचालन लागत के बावजूद विज्ञापन की दरों में भारी कटौती की गई है। अब इस पूरे मामले को लेकर प्रदेशभर में विरोध के स्वर सामने आने लगे हैं।

एक समान विज्ञापन दर को लेकर सवाल

उत्तराखंड में न्यूज पोर्टलों को सूचीबद्ध करने और उनके लिए विज्ञापन दरें निर्धारित करने की प्रक्रिया को लेकर सूचना विभाग और सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। नई व्यवस्था में 728×90 (टॉप), 300×250 (टॉप), 300×600 (मिडिल) और 970×250 (मिडिल) जैसे अलग-अलग आकार के विज्ञापनों के लिए समान ₹1,200 की दर निर्धारित की गई है।

इसी तरह 5 से 30 सेकेंड और 30 सेकेंड से 2 मिनट तक की वीडियो विज्ञापन श्रेणियों के लिए भी एक समान दर तय किए जाने की बात सामने आई है। पत्रकारों का कहना है कि पहले बैनर और वीडियो विज्ञापनों की दर करीब ₹10,000 थी, जबकि अन्य फोटो विज्ञापनों के लिए लगभग ₹6,000 निर्धारित थे।

ऐसे समय में जब महंगाई लगातार बढ़ रही है और न्यूज पोर्टलों के संचालन से जुड़े खर्च भी बढ़ चुके हैं, विज्ञापन दरों में करीब 80 प्रतिशत तक की कमी किए जाने से डिजिटल मीडिया संस्थानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से अब इस व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठने लगी है।

हल्द्वानी में न्यूज पोर्टल संचालकों की बैठक

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के बैनर तले न्यूज पोर्टल संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 के लिए न्यूज पोर्टलों की इनपैनलमेंट प्रक्रिया और टेंडर में निर्धारित विज्ञापन दरों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मौजूद पत्रकारों और पोर्टल संचालकों ने सोमवार को सूचना महानिदेशालय की ओर से वर्ष 2026 के लिए न्यूज पोर्टलों की इनपैनलमेंट निविदा खोले जाने के बाद निर्धारित दरों पर चिंता जताई। संचालकों का कहना था कि मौजूदा विज्ञापन दरें न्यूज पोर्टलों के संचालन में आने वाले खर्च और आवश्यक संसाधनों की तुलना में बेहद कम हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया संस्थानों को वेबसाइट संचालन, सर्वर, तकनीकी सुविधाओं, पत्रकारों, कैमरा, वीडियो एडिटिंग और कंटेंट निर्माण सहित कई स्तरों पर खर्च करना पड़ता है। ऐसे में विज्ञापन दरों में भारी कटौती से छोटे और स्वतंत्र न्यूज पोर्टलों के लिए काम जारी रखना मुश्किल हो सकता है।

सूचना महानिदेशक से पुनर्विचार की अपील

बैठक में शामिल न्यूज पोर्टल संचालकों ने सूचना महानिदेशक से मांग की कि वर्तमान विज्ञापन दरों पर दोबारा विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टलों की वास्तविक जरूरतों और संचालन लागत को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं सम्मानजनक दरें निर्धारित की जानी चाहिए।

संचालकों का कहना है कि डिजिटल मीडिया आज पत्रकारिता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। स्थानीय समाचारों, जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में न्यूज पोर्टल अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए डिजिटल मीडिया संस्थानों के आर्थिक हितों को भी नीति बनाते समय प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने सरकार और सूचना विभाग से आग्रह किया कि विज्ञापन दरों को निर्धारित करते समय पोर्टल की पहुंच, नियमितता, कंटेंट की गुणवत्ता, तकनीकी खर्च और डिजिटल मीडिया के मौजूदा बाजार को भी आधार बनाया जाए।

दर्जनों पत्रकार बैठक में रहे मौजूद

बैठक में न्यूज पोर्टल संचालकों और पत्रकारों ने एकजुट होकर विज्ञापन दरों में सुधार की मांग उठाई। बैठक में गिरीश जोशी, तारा जोशी, ईश्वरी दत्त भट्ट, महेंद्र सिंह नेगी, धर्मानंद खोलिया, सुरेश पाठक, दिनेश पांडेय, हर्ष रावत, अंकित साह, जीवन राज, सचिन जोशी, मोहन कांडपाल और अकरम सिद्दीकी समेत दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।

पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि सूचना विभाग उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए विज्ञापन दरों की समीक्षा करेगा और डिजिटल मीडिया संस्थानों के हित में व्यावहारिक फैसला लिया जाएगा।

नोट: सच का साथ देने में हमारे सहभागी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरें नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ सकते हैं। नीचे दिए गए विकल्प पर केवल एक क्लिक करके जुड़ें। खबर पसंद आए तो इसे फेसबुक या व्हाट्सऐप पर शेयर करें, ताकि महत्वपूर्ण खबरें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।

The post हल्द्वानी के पत्रकारों में भी नाराजगी, न्यूज पोर्टलों की विज्ञापन दरों में बदलाव की उठी मांग appeared first on Uttarakhand Tak.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0