अगले सप्ताह फिलीपींस में होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी

Nov 12, 2026 - 18:30
 142  989
अगले सप्ताह फिलीपींस में होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली ( दस्तक डेस्क) : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस महीने की 16 से 18 तारीख तक फिलीपींस की राजधानी मनीला का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व में आयोजित 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने आज नई दिल्ली में मीडिया को बताया कि आसियान के सभी 11 सदस्य देशों के साथ भारत के सक्रिय द्विपक्षीय संबंध हैं। इसके अलावा, भारत अपनी एक्ट ईस्ट नीति को आगे बढ़ाने में आसियान के क्षेत्रीय मंच के साथ जुड़ाव को भी महत्वपूर्ण मानता है।

रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि प्रधानमंत्री का मनीला दौरा फिलीपींस के राष्ट्रपति की ओर से आयोजित रात्रिभोज के साथ शुरू होगा। अगले दिन श्री मोदी आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की बैठकों में भाग लेंगे। श्री टंडन ने कहा कि करीब छह दशकों के दौरान आसियान एक क्षेत्रीय संगठन के रूप में परिपक्व हुआ है और सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आज आसियान एक संगठन के रूप में अपनी सामूहिक ताकत का उपयोग करते हुए क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने में सक्षम है।

रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि भारत सरकार के प्रमुखों के उच्चतम स्तर सहित कई स्तरों पर आसियान के साथ सहयोग करता है। प्रधानमंत्री का यह दौरा इसी जुड़ाव का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आसियान क्षेत्र के साथ भारत का मौजूदा व्यापार लगभग 122 अरब अमेरिकी डॉलर का है। भारत का मानना है कि आसियान के सदस्य देशों के साथ सामूहिक और अलग-अलग, दोनों स्तरों पर मजबूत रणनीतिक संबंध बनाए रखना दोनों पक्षों के हित में है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0