उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कोरिडोर, सेवा संकल्प अभियान में सीएम धामी ने की घोषणा

Oct 8, 2026 - 00:30
 123  2.5k
उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कोरिडोर, सेवा संकल्प अभियान में सीएम धामी ने की घोषणा

रैबार डेस्क: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने की घोषणा की। साथ ही भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की बात कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड भाजपा आज सात अक्तूबर को पूरे प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा निकाल रही है। इसी कार्यक्रम को संबोधित करने सीएम धामी उत्तरकाशी पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए अब व्यवस्था को उनके घर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नर सेवा नारायण सेवा के भाव के साथ हर व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी। उन्होंने प्रदेश में मातृशक्ति को सशक्त करने के लिए लखपति दीदी योजना समेत विभिन्न पहलों का जिक्र किया। सीएम ने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। शासन को सरकारी कार्यालयों और फाइलों तक सीमित न रखकर लोगों के द्वार तक पहुंचाने का कार्य हुआ है।


इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी के पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराए जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और इसकी शीघ्र स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
डोडीताल, अवाना बुग्याल एवं हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखे जाने की भी घोषणा की।

The post उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कोरिडोर, सेवा संकल्प अभियान में सीएम धामी ने की घोषणा appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0