कनाडा स्कूल शूटिंग का खुलासा: 18 साल की युवती निकली हमलावर, वारदात के बाद खुद को भी मारी गोली

Feb 12, 2026 - 09:30
 152  8.4k
कनाडा स्कूल शूटिंग का खुलासा: 18 साल की युवती निकली हमलावर, वारदात के बाद खुद को भी मारी गोली

नई दिल्ली। कनाडा में हुए दर्दनाक स्कूल गोलीकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार हमले को अंजाम देने वाली आरोपी 18 वर्षीय युवती थी, जिसकी पहचान जेसी वैन रूटसेलार के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी। घटना के बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के दूरदराज इलाके टम्बलर रिज स्थित एक स्कूल में हुई थी।

मृतकों की संख्या 10 से घटाकर 9 की गई
शुरुआत में पुलिस ने गोलीकांड में 10 लोगों की मौत की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में जांच के बाद आधिकारिक आंकड़ा संशोधित कर 9 कर दिया गया। हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि शुरुआती संख्या में गलती कैसे हुई, लेकिन अब पुष्टि की गई है कि कुल नौ लोगों की जान गई।

परिवार के घर पहले भी पहुंच चुकी थी पुलिस
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के कमांडर और डिप्टी कमिश्नर ड्वेन मैकडोनाल्ड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी के घर पर पहले भी कई बार पुलिस बुलवाई गई थी। उनके मुताबिक कुछ शिकायतें मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों की थीं, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उन घटनाओं का स्कूल हमले से कोई सीधा संबंध था या नहीं।

पीएम मार्क कार्नी ने जताया गहरा दुख
घटना पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे “भयानक और दिल दहला देने वाली” घटना बताया। उन्होंने कहा कि यह देश के सबसे दुखद दिनों में से एक है और पूरा राष्ट्र मिलकर इस त्रासदी से उबरने की कोशिश करेगा। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सख्त गन कानून के बावजूद दहला देश
विशेषज्ञों के अनुसार कनाडा में हथियार रखने के नियम अमेरिका की तुलना में काफी कड़े हैं। आम नागरिकों को लाइसेंस, बैकग्राउंड जांच और सख्त नियमों से गुजरना पड़ता है। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में कई अहम सवाल
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कैसे पहुंचा, क्या उसे पहले से किसी तरह की मदद या निगरानी मिल रही थी और क्या स्कूल या परिवार ने संभावित चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज किया था। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और तथ्य सामने आ सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0