CM धामी ने चंपावत, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ की विकास योजनाओं को दी ₹4.42 करोड़ की मंजूरी, धार्मिक स्थलों से लेकर नदी पुनर्जीवन तक तेज होंगे काम
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चंपावत, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए कुल ₹4.42 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए संबंधित विभागों को कार्यों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए हैं।
चंपावत में मंदिर सौंदर्यीकरण और यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट को मंजूरी
जनपद चंपावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत भिंगराड़ा मंदिर ‘सील’ के सौंदर्यीकरण के लिए ₹29.70 लाख की अवशेष धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा टनकपुर से मां पूर्णागिरी धाम तक यात्रा मार्ग में स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य के लिए ₹2 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा में सुधार होगा।
उत्तरकाशी में सोमेश्वर महादेव मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण
उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में न्याय पंचायत मुख्यालय जखोल/फिताड़ी में स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.43 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत पहले ₹10 लाख की धनराशि जारी की जा चुकी है, जबकि शेष राशि में से ₹80.06 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
पिथौरागढ़ में ‘एक जनपद-एक नदी’ योजना को बढ़ावा
पिथौरागढ़ जिले में ‘एक जनपद-एक नदी’ योजना के अंतर्गत गुरघटिया नदी के पुनर्जीवन के लिए ₹6.59 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत पहले चरण में 40 प्रतिशत यानी ₹1.32 करोड़ की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों के पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0