MP: धार में दर्दनाक सड़क हादसा, महाकाल दर्शन से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत; रॉन्ग साइड से आए ट्रॉले ने वैन को मारी टक्कर
उज्जैन: मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे छह श्रद्धालुओं की वैन बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले ने वैन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वैन से शवों को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग गुजरात के बड़ोदरा शहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
रॉन्ग साइड से आ रहा था ट्रॉला
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रॉला बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से उज्जैन की तरफ जा रहा था। ट्रॉले में लोहे का सामान भरा हुआ था। इसी दौरान सामने से आ रही मारुति ईको वैन से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। वैन उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी।
टक्कर के बाद वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रॉले को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने कांच तोड़कर निकाले शव
हादसे की सूचना मिलने पर बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने वैन की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। मौके पर तहसीलदार सुरेश नागर के अलावा एसडीएम प्रियंका मिमरोद भी पहुंचीं।
बाद में कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, एसपी सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉला चालक फरार हो गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को बदनावर सिविल अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है।
चश्मदीद ने सुनाई हादसे की पूरी कहानी
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसका मकान सड़क किनारे स्थित है और वह घटना के समय घर पर था। अचानक तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो सड़क पर भीषण दुर्घटना हो चुकी थी और वैन में लोग फंसे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। इसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया। वैन के गेट को ग्राइंडर की मदद से काटकर अंदर फंसे लोगों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और ट्रॉला चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0