खैरागढ़ के दल्लीखोली जंगल में वन्यजीवों की रहस्यमयी मौत, जलस्रोत के पास मिले मोर समेत कई शव

May 28, 2026 - 18:30
 166  2k
खैरागढ़ के दल्लीखोली जंगल में वन्यजीवों की रहस्यमयी मौत, जलस्रोत के पास मिले मोर समेत कई शव

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के ग्राम दल्लीखोली–लछना के जंगल में वन्यजीवों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। जंगल के भीतर स्थित एक जलस्रोत के आसपास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने के बाद वन विभाग सहित वन्यजीव प्रेमियों में गहरी चिंता का माहौल है।

बर्ड वॉचिंग के दौरान सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, वन्यजीव और प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा दोपहर के समय बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए दल्लीखोली जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें सबसे पहले एक ग्रेटर रैकेट-टेल्ड ड्रॉन्गो मृत अवस्था में दिखाई दिया। आगे बढ़ने पर जलस्रोत के पास कई अन्य पक्षी और वन्यजीव मृत पड़े मिले, जिससे वे स्तब्ध रह गए।

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
मुकेश वर्मा द्वारा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया। वायरल वीडियो में एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट सहित कई पक्षियों के शव दिखाई देने की बात सामने आई है। इसके अलावा रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन और जंगल आउलेट जैसे पक्षियों के मृत मिलने की भी जानकारी दी गई है।

एक ही स्थान पर कई वन्यजीवों की मौत से उठे सवाल
एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में अलग-अलग प्रजातियों के वन्यजीवों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

जहरीले पदार्थ की आशंका, जांच शुरू
वन्यजीव प्रेमी मुकेश वर्मा ने आशंका जताई है कि जलस्रोत में किसी जहरीले रसायन या पदार्थ के मिलने से यह घटना हो सकती है। उनका मानना है कि दूषित पानी पीने के कारण इन वन्यजीवों की मौत हुई होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से पानी सहित अन्य नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।

पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
वन विभाग की टीम मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0