महाराष्ट्र में सोमवार को होगी कैबिनेट बैठक, फडणवीस की डिनर डिप्लोमेसी से बढ़ी सियासी हलचल
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में सोमवार का दिन अहम रहने वाला है। आमतौर पर मंगलवार को होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक इस बार एक दिन पहले सोमवार दोपहर आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर महायुति के प्रमुख नेताओं की बैठक और डिनर का कार्यक्रम तय है। अचानक बदले कार्यक्रम ने राज्य में जारी राजनीतिक अटकलों को और तेज कर दिया है।
कैबिनेट के बाद महायुति नेताओं की अहम बैठक
कैबिनेट की बैठक सोमवार दोपहर सह्याद्री गेस्ट हाउस में होगी। इसके बाद वर्षा बंगले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के बीच चर्चा होगी। इसके बाद बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी के प्रमुख नेताओं तथा मंत्रियों के लिए डिनर का आयोजन किया गया है।
सरकार की ओर से इस बैठक का उद्देश्य महायुति गठबंधन के भीतर बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपसी मतभेद दूर करना और सरकार के कामकाज को और गति देना बताया गया है।
मंगलवार की जगह सोमवार को क्यों रखी गई कैबिनेट बैठक?
कैबिनेट बैठक का कार्यक्रम बदलने की वजह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मंगलवार को मुंबई से बाहर एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना बताई गई है। हालांकि, कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद गठबंधन के शीर्ष नेताओं की बैठक और डिनर रखे जाने से राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।
फडणवीस के हालिया दिल्ली दौरे के बाद सोमवार की बैठकों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों ने महाराष्ट्र में किसी बड़े राजनीतिक बदलाव की संभावना से इनकार किया है।
नायब सिंह सैनी की फडणवीस से मुलाकात भी चर्चा में
इसी बीच रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंबई में देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। सैनी वर्षा बंगले पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री फडणवीस ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात को फिलहाल शिष्टाचार भेंट बताया गया है।
सोमवार की बैठकों पर टिकीं राजनीतिक निगाहें
महाराष्ट्र में पहले से ही संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक को अचानक एक दिन पहले आयोजित करना और उसके बाद महायुति के शीर्ष नेताओं का एक साथ बैठक व डिनर करना इन अटकलों को और हवा दे रहा है।
हालांकि, अभी तक किसी बड़े फैसले या सत्ता के समीकरण में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सोमवार को होने वाली कैबिनेट बैठक और उसके बाद महायुति नेताओं की बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0