नगरासू : दूसरे दिन भी गुरुद्वारे पर निहंगों का कब्जा जारी, कर्णप्रयाग में धारा 163 लागू

Jun 22, 2026 - 00:30
 154  10.9k
नगरासू : दूसरे दिन भी गुरुद्वारे पर निहंगों का कब्जा जारी, कर्णप्रयाग में धारा 163 लागू

रैबार डेस्क: रुद्रप्रयाग के नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में निहंग सिखों के कब्जे के बाद तनावपूर्ण स्थिति लगातार बनी हुई है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुआ विवाद रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा और अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। पुलिस और प्रशासन लगातार निहंगों से बातचीत कर हालात सामान्य करने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन निहंग सिख प्रशासन की बात मानने को तैयार नहीं दिख रहे हैं।

बद्रीनाथ हाईवे से सटे नगरासू गुरुद्वारे में करीब 8 से 10 निहंग सिख मौजूद बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर भी चढ़ गए और विरोध जताया। इससे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, निहंगों द्वारा एक श्रद्धालु को बंधक बनाए जाने की भी सूचना सामने आई है, हालांकि प्रशासन इस मामले की जांच में जुटा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुद्वारे के आसपास भारी पुलिस बल और आईटीबीपी तैनात है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। गुरुद्वारा संचालकों और निहंगों के बीच प्रशासन की मौजूदगी में लगातार वार्ता चल रही है।

इंटरनेट सेवा बंद, धारा 163 लागू

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि रुद्रप्रयाग प्रशासन के अनुरोध पर कर्णप्रयाग में इंटरनेट सेवा बंद की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है तथा हेमकुंड साहिब यात्रा और बद्रीनाथ धाम की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कर्णप्रयाग में धारा 163 लागू की गई है।

नगरासू गुरुद्वारा बद्रीनाथ हाईवे से सटा होने के कारण प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।रूद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि गुरुद्वारे के भीतर लगभग सात निहंग मौजूद हैं और सुरक्षा बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

सरकार की अपील
उत्तराखण्ड सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले को किसी भी प्रकार से धार्मिक विवाद का स्वरूप देना उचित नहीं है। प्रकरण को सांप्रदायिक रंग देने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।सचिव गृह शैलेश बगोली ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दोनों पक्षों के बीच विवाद एवं भावनात्मक आवेश से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में सभी धर्मों और आस्थाओं का समान सम्मान है तथा राज्य की सांस्कृतिक विरासत सद्भाव, शांति और परस्पर सम्मान की रही है। सरकार किसी भी कीमत पर इस सौहार्दपूर्ण वातावरण को प्रभावित नहीं होने देगी।सचिव गृह ने बताया कि आईजी गढ़वाल को मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के निर्देश दिए गए हैं। सभी पक्षों को सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से भी पूरे प्रकरण की स्टेटस रिपोर्ट तलब की गई है।

The post नगरासू : दूसरे दिन भी गुरुद्वारे पर निहंगों का कब्जा जारी, कर्णप्रयाग में धारा 163 लागू appeared first on Uttarakhand Raibar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0