भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में एसकेएम ने दी आंदोलन की चेतावनी

Jun 25, 2026 - 18:30
 124  6.6k
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में एसकेएम ने दी आंदोलन की चेतावनी

चंड़ीगढ़। आज प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में किसान व सामाजिक संगठनों की संयुक्त बैठक चंडीगढ़ के सेक्टर-35 में आयोजित की गयी। जिसमें संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया और भारत-अमेरिका के मध्य प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरुद्ध एकजुट हो कर देशव्यापी आंदोलन लड़ने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। मीटिंग के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने सभी संगठनों की व्यापक एकता के लिए लिखित सुझाव दिए और लिखित पत्र भी सौंपा।
एक जुलाई को सभी किसान संगठनों की बैठक
बैठक में मौजूद सभी संगठनों ने तय किया कि आगामी एक जुलाई को सभी मोर्चो के प्रतिनिधियों की साझा बैठक चंडीगढ़ के किसान भवन में की जाएगी। जिसमें भारत-अमेरिका के मध्य प्रस्तावित व्यापार समझौते के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा एवम रणनीति तय करी जाएगी। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) द्वारा दिया लिखित पत्र में कहा गया है कि कुछ दिन पहले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते एवम भूजल संरक्षण के विषयों पर किसान संगठनों की एकता हेतु आपकी तरफ से पत्र प्राप्त हुआ। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) किसान संगठनों की व्यापक एकता का हमेशा हिमायती रहा है एवम अनेकों बार इस दिशा में सार्थक प्रयास किये हैं।


डब्ल्यूटीओ जैसे संस्थानों के हमले बढ़ते जा रहे
किसानों संगठनों की एकता हेतु आप का प्रयास सराहना योग्य है एवम हम इसका स्वागत करते हैं। वर्तमान दौर में जिस तरह खेती-किसानी के क्षेत्र पर कॉरपोरेट घरानों एवम डब्ल्यूटीओ जैसे संस्थानों के हमले बढ़ते जा रहे हैं, इन हमलों का मुकाबला करने के लिए किसान संगठनों की व्यापक एकता की सख्त जरूरत है।
एकजुट होकर व्यापक आंदोलन लड़ सकें
किसान संगठनों की व्यापक, टिकाऊ एवम मजबूत एकता के लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम के बिंदु, नियम-कानून, सिद्धांत-संविधान तय किये जाने बहुत जरूरी हैं ताकि हम भविष्य में एकजुट हो कर सुचारू रूप से लम्बा व व्यापक आंदोलन लड़ सकें। प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरुद्ध प्रचार करने के लिए हालिया समय में हम संगठनात्मक तौर पर काफी व्यस्त रहे हैं। ऊपर बताए गए मुद्दों पर संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के सभी घटक संगठनों से चर्चा करने के लिए हम ने अपने मोर्चे की राष्ट्रीय बैठक नजदीक भविष्य में बुलाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0