मेरठ पहुंचे नितिन नबीन और सीएम योगी ने किया युवाओं से संवाद
Meerut News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया और युवाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेेश भाजपा अध्यक्ष व केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए विकसित भारत निर्माण के लिए युवा शक्ति का आह्वान किया।
विद्यार्थियों के पूछे गए प्रश्नों के दिए उत्तर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने लक्ष्य, संकल्प अध्ययन, अनुभव और धैर्य को सफलता का आधार बताते हुए नशा मुक्ति, राष्ट्रप्रेम, योग, मेडिटेशन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। इस दौरान नितिन नबीन ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए और कहा कि देश के भविष्य का निर्माण करने वाली सबसे शक्तिशाली ताकत युवा है। श्री नितिन नबीन ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा, प्रतिभा और विचार-क्षमता है। यदि इस शक्ति को सहीं दिशा दी जाए, तो युवा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने चल पड़ा
नवीन ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए चल पड़ा है। आजादी के बाद देश को अक्सर क्षेत्रीय या व्यक्तिगत नजरिए से देखा गया, लेकिन अब सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होकर आगे बढ़ना है। भारत आज दुनिया में सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है, इसलिए युवाओं का दायित्व सबसे बड़ा है। आज की पीढ़ी को जीवन में शॉर्टकट से बचने की आवश्यकता है। आज का युवा भले ही रील्स देखता है, लेकिन उसे पसंद वहीं आता है जो रियल पानी यथार्थ होता है। बनावटी चीजों की पहुंच सीमित होती है।

नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाज में फैल रहीं नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 15 अगस्त को शुरू किए गए नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। हमारा सुझाव है कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और समर्पण की भावना को गहराई तक उत्तारने के लिए उत्तर प्रदेश में भी बॉर्डर दर्शन कार्यक्रम शुरू किया जाना चाहिए। जब युवा सीमा पर जाकर खुले आसमान के नीचे देश की रक्षा कर रहे सैनिकों को देखते हैं, तो उनके भीतर भी देश के प्रति असीम समर्पण का भाव जागृत होता है, जो उन्हें जीवन में कभी भटकने नहीं देता। लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र में इसकी आवश्यकता होती है। जिस तरह क्रिकेट में एक बल्लेबाज को अच्छी बेटिंग करने के लिए पहले पिच पर जमना पड़ता है, उसी तरह युवाओं को अपने क्षेत्र की जड़ों तक जाना चाहिए। लीडरशिप के तीन मुख्य स्तंभ हैं, अध्ययन, अनुभव और धैर्य। इन्हें जीवन में उतारने से किसी भी क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उसी प्रकार 100 मीटर की दौड़ में इंसान की गति की परख होती है, लेकिन लंबी दौड़ में स्टैमिना यानी धैर्य और सहनशक्ति का परीक्षण होता है। जीवन एक लंबी दौड़ है। यदि युवा अपनी सहनशक्ति और निरंतरता बनाए रखेंगे, तो वे लंबी दूरी तय करके अपनी मंजिल तक अवश्य पहुंचेंगे।

पिछले 12 साल में देश में बड़े बदलाव
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए हैं। 10 साल पहले देश में मात्र 60 हजार मेडिकल सीटें थीं, जो आज 1.5 लाख से अधिक हो गई है। देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 400 से बढ़कर 1100 के पार जा चुकी है। कभी हर तकनीक के लिए आयात पर निर्भर रहने वाला भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। रक्षा क्षेत्र में भारत आज ब्रह्मोस और मेक इन इंडिया के तहत 38 हजार करोड रुपये से अधिक के रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। वोकल फॉर लोकल और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी योजनाओं ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित किया है। जैसे मेरठ, जिसे कभी माफियाओं का केंद्र माना जाता था, आज क्रिकेट बेट और हॉकी स्टिक के निर्माण के लिए जाना जा रहा है।
देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप
नवीन ने कहा कि आज का भारतीय युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन गया है। देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स और वैश्विक स्तर पर नेतृत्व कर रहे यूनिकॉर्न्स इस बात का प्रमाण हैं। भाजपा सरकार अंत्योदय के तहत आखिरी व्यक्ति तक लाभ और विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है।

यूपी में 9.50 लाख नौजवानों को नौकरी दी: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की क्रांतिधरा पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ‘युवा संवाद‘ कार्यक्रम में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमने सत्ता संभालते ही युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों को लेकर पारदर्शी व्यवस्था बनाई। अब तक 9.50 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। परसों से फिर मिशन रोजगार शुरू हुआ है। मंगलवार सुबह फिर ढाई हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देंगे। यह क्रम अनवरत चलेगा।
पहले थाने और तहसील बिक जाती थीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसा कि मुझसे प्रश्न वो लोग पूछ रहे हैं, जिनके शासन में एक भी भर्ती साफ-सुथरी नहीं थी। विज्ञापन निकलते ही महाभारत के रिश्ते (चाचा-भतीजे, भाई, मामा) वसूली करने निकल पड़ते थे। थाने-तहसीलें बिक जाती थीं। सपा शासन के समय जिसने परीक्षा भी नहीं दी, ऐसे लोगों को भी नियुक्ति पत्र दे दिया गया। यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन की एक परीक्षा ऐसी हुई, उसमें 86 में से 56 एक ही जाति के थे। उसका टॉपर वह हुआ, जो हाईस्कूल-इंटर, स्नातक में तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुआ। बाकी की शिक्षा भगवान भरोसे हुई। अयोग्य व्यक्ति को चेयरमैन बना दिया गया।

युवा का भाव राष्ट्र प्रथम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर युवा का भाव राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। डबल इंजन सरकार युवा ऊर्जा को प्लेटफॉर्म दे रही है। हर क्षेत्र में युवा शक्ति समेत सभी वर्गों के लिए कार्य हुए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि पिछली सरकारों से तुलना कीजिए और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ाइए। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि यह महत्वपूर्ण नहीं कि आपकी शिक्षा कितना धनार्जन कराती है, बल्कि यह महत्वपूर्ण है कि शिक्षा राष्ट्र के प्रति कितना समर्पण का भाव पैदा करती है। मुख्यमंत्री ने छात्रों, युवाओं से कहा कि हर क्षेत्र में आपके लिए संभावनाएं हैं। उसके अनुरूप करियर को बढ़ाइए।
हमारी एकता से ब्रिटिश ताकत की चूलें हिली
मुख्यमंत्री ने महाभारत, हस्तिनापुर, आजादी के दौर में मेरठ का जिक्र किया, कहा कि मेरठ ने कई दौर को अपने आंखों से देखा है। जब भारत की आजादी का आह्वान हुआ तो उप्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। मंगल पांडेय ने बैरकपुर में जो चिंगारी जलाई, मेरठ में कोतवाल धन सिंह गुर्जर के नेतृत्व में उस चिंगारी ने दिल्ली के सिंहासन को हिला दिया था। झांसी में रानी लक्ष्मीबाई, बिठूर में नाना साहेब, तात्या टोपे ने इस आंदोलन को बढ़ाया। उत्तर प्रदेश का कोई भी ऐसा कस्बा और जनपद नहीं था, जहां भारत की आजादी के लिए ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ गूंज न उठी हो। हमारी एकता ने ब्रिटिश ताकत की चूलें हिला दी थीं।

बुलडोजर का स्टेयरिंग ऐसे घुमाओं कि कारोबार बंद हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद भारत में मेरठ ने वह दौर भी देखा है, जब दंगे यहां की नियति बन गए थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर से लूटे व चोरी किए गए वाहनों को स्क्रैप किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 में हमारे सामने वाहन चोरी के मामले आए तो हमने कहा कि वाहन कहां जा रहे हैं, पता चला कि मेरठ मे कट रहे हैं। हमने प्रशासन से कहा कि बुलडोजर का स्टेयरिंग ऐसे घुमाओ कि यह कारोबार बंद हो, फिर यहां चोरी के वाहन कटने बंद हुए। मेरठ अब 12 लेन के एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल के साथ जुड़ गया।
यूपी में अब एक भी दंगा नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में साढ़े 9 साल में दंगा नहीं हुआ। मैंने पुलिस वालों से कहा कि मॉकड्रिल का प्रदर्शन ही कर दो ताकि दंगाई भूल न जाएं कि कार्रवाई कैसी होती है। अब डबल इंजन की सरकार है, इसलिए माता-पिता चिंतित नहीं होते हैं। 2017 के पहले हर मां-पिता को चिंता होती थी कि पश्चिमी उप्र में बच्चों को कैसे पढ़ाएं। 2017 के चुनावी अभियान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा पहला कार्यक्रम बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद में था। पहली सभा में बोलने खड़ा हुआ तो कुछ लोग मेरे पास आए और बोले कि कुछ ऐसा-वैसा मत कह दीजिएगा। हमने कहा कि हमारी सरकार बनेगी तो दंगे बंद होंगे, बेटी सुरक्षित होगी। अच्छी शिक्षा मिलेगी। लोग देखते थे कि कोई देख तो नहीं रहा है, तब ताली बजाते थे। मैंने कहा कि कम से कम ताली तो खुलकर बजा दो। उस समय ताली बजाने में भी लोगों को डर लगता था।

अब बिचौलिए समाप्त हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिचौलिए समाप्त हो गए। अब 100 में से 15 पैसा नीचे नहीं जाता, बल्कि मोदी जी ने जनधन, मोबाइल व डिजिटल ट्रांजेक्शन के माध्यम से ऐसी व्यवस्था कर दी है कि पूरे 100 रुपये लाभार्थी के खाते में जाते हैं। एक भी पैसा इधर-उधर नहीं हो सकता। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने तकनीक की ताकत का अहसास कराया है।
यूपी में बन रही मिसाइल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले यूपी में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था। दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई की बजाय उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित किया जाता था, लेकिन अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है, जिससे पाकिस्तान के आका भी कांप उठते हैं। यूपी के पास सर्वाधिक युवा वर्कफोर्स है। सभी ने बदलते भारत के साथ बदलते यूपी को देखा है। अब इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही विकास और विरासत का सम्मान है। मेरठ से 40-45 मिनट में दिल्ली की दूरी तय की जा सकती है। हमारे जनप्रतिनिधि अब गंगा एक्सप्रेसवे से साढ़े तीन घंटे में लखनऊ पहुंचते हैं। यह गति प्रगति का आधार है।

मैं खुद जाकर लोगों से मिला और उनकी समस्या सुनी
मुख्यमंत्री ने कैराना के पलायन का जिक्र कर वहां के व्यापारी का दर्द भी सुनाया। फिर कहा कि 2021 में मैं कैराना गया था। अब वहां लोग वापस आ चुके हैं। मैं खुद जाकर लोगों से मिला और उनकी समस्या सुनी। उस परिवार की बेटी ने अपना दर्द बताया। यूपी में अब कैराना, सहारनपुर से सोनभद्र, बिजनौर से बलिया तक हर जगह सुरक्षा है। पिछली सरकारों ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया। हमने ओडीओपी व एमएसएमई सेक्टर को संजोया। इससे 3.25 करोड़ लोगों को इसके माध्यम से रोजगार मिला। सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण मिला तो 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। 15 लाख करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हुई। हर क्षेत्र में यूपी में निवेश आए। पिछली सरकारों ने एक जिला-एक माफिया दिया। हमने एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज दिया।

युवाओं के हाथों में लाठी डंडे और तमंचे थमाए जाते थे
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आपके हुनर को और तराशने के लिए ही जून 2026 से सरधना में 250 करोड़ की लागत वाले उत्तर प्रदेश के पहले मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने भी अपना पहला सत्र शुरू कर दिया है। उ० प्र० में एक ऐसा समय भी था कि सपा सरकार में युवाओं के हाथों में लाठी डंडे और तमंचे थमाए जाते थे आज डबल इंजन सरकार में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रदेश से गुंडाराज और माफियाराज का खात्मा हुआ है। कानून का राज स्थापित होने से दुनिया भर के उद्योगपति आज यूपी में लाखों करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं, जिससे हमारे युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। आज हमारा उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज़ का प्रदेश बन चुका है। पूरे देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है। आज का उत्तर प्रदेश ‘बीमारू‘ राज्य से निकलकर भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर तेज़ी से दौड़ रहा है और इस दौड़ के असली धावक उत्तर प्रदेश के युवा हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0