10 लाख दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट, गंगा महोत्सव से होगा भव्य आगाज़


गाय के गोबर से बने होंगे एक लाख दीप, चेत सिंह घाट पर लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी देंगे अनूठा पर्यावरणीय संदेश
–सुरेश गांधी
वाराणसी : विश्वविख्यात देव दीपावली को ऐतिहासिक और अलौकिक बनाने की तैयारियों में वाराणसी सज-धज कर तैयार हो रही है। योगी सरकार ने इसे प्रांतीय मेला घोषित कर भव्यता को नई ऊंचाई देने का संकल्प लिया है। पांच नवंबर को गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर 10 लाख से अधिक दीपों की माला जगमगाएगी। इन दीपों में एक लाख दीप गाय के गोबर से निर्मित होंगे, जो पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संदेश देंगे। घाटों पर इस दिव्य आयोजन को देखने देश-विदेश से पर्यटक काशी पहुंचेंगे। सभी होटल, गेस्ट हाउस, क्रूज़ और बोट पहले ही से बुकिंग से गुलजार हैं। गंगा किनारे के ऐतिहासिक घाटों को फसाड लाइट और इलेक्ट्रिक सजावट से रोशन किया जाएगा, जिससे पूरी काशी अलौकिक प्रकाश-पर्व में डूबी दिखाई देगी।
गंगा महोत्सव देगा सांस्कृतिक रसधार
देव दीपावली से पहले 1 से 4 नवंबर तक राजघाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, शास्त्रीय संगीत और नृत्य की झलकियां संस्कृति का अनूठा संगम दिखाएँगी। चेत सिंह घाट पर लेजर शो के जरिए काशी की प्राचीन धार्मिक कथाओं को जीवंत किया जाएगा, जबकि गंगा पार रेत पर प्रदूषण रहित ग्रीन आतिशबाजी रात के आकाश को हरियाली का संदेश देगी। संयुक्त निदेशक (पर्यटन) दिनेश कुमार के अनुसार, घाटों की विशेष सफाई और सुरक्षा इंतजाम पूरे जोर-शोर से चल रहे हैं। डिजाइनर दीपों की कतार और लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक मिलकर काशी की अनुपम आभा को और चमत्कारी बना देंगे।
पर्यावरण व आस्था का अनोखा संगम
गाय के गोबर से बने दीप न केवल पर्यावरण-संरक्षण का प्रतीक हैं, बल्कि यह परंपरा और आधुनिक सोच का अद्भुत समन्वय भी प्रस्तुत करते हैं। देव दीपावली का यह आयोजन गंगा की महिमा, काशी की संस्कृति और आस्था के अद्वितीय संगम का संसार को संदेश देगा।
The post 10 लाख दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट, गंगा महोत्सव से होगा भव्य आगाज़ appeared first on Dastak Times | दस्तक टाइम्स.
What's Your Reaction?






